अहमदाबाद में एक करोड़ के नोट बरामद

गुरुवार, 24 नवंबर 2016 (20:25 IST)
अहमदाबाद। गुजरात में अहमदाबाद के एलिसब्रिज क्षेत्र में गुरुवार को एक ऑफिस से एक करोड़ 39 लाख रुपए मूल्य से अधिक के नोट बरामद किए गए और इस संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।                
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि तड़के खुफिया सूचना के आधार पर भूदरपुरा मार्ग पर आंबावाडी इलाके में क्रिष्ना अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर पाल ऑर्नामेंट प्राइवेट लिमिटेड के ऑफिस से एक करोड़ 39 लाख नौ हजार रुपए मिले, जिनमें 1000 और 500 रुपए के नोट शामिल हैं और वहां से नोट गिनने की मशीन भी मिली है। इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।      
              
उल्लेखनीय है कि 22 नवंबर की रात को इस्कोन चार रास्ता पर गाड़ियों की तलाशी के दौरान एक कार से 10 लाख 60 हजार रुपए मिले थे जिनमें 2000, 500, 100, 50 और 20 रुपए के नोट शामिल थे। उनके पास सौ ग्राम का एक सोने का बिस्कुट भी बरामद किया गया था। 
 
इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और दाहोद जिले के गरबाडा क्षेत्र में एक कार से नौ लाख 58 हजार रुपए बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था। उसी दिन जामनगर के जोड़िया क्षेत्र में एक कार से 22 लाख रुपए बरामद किए गए थे।
             
गत 18 नवंबर को तापी के व्यारा क्षेत्र में पनीयारी कॉलेज के निकट एक कार से 500 रुपए के 4400 नोट और 1000 रुपए के 1800 नोट जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर क्षेत्र में बीस नवंबर को एक कार से 16 लाख 20 हजार 200 रुपए बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें