यहां देखी जाती हैं सबसे ज्यादा 'पोर्न साइट्स'

मंगलवार, 13 अक्टूबर 2015 (20:07 IST)
यूपी की राजधानी लखनऊ और औद्यौगिक नगरी कानपुर के बीचोंबीच बसे एक छोटे से शहर उन्नाव के नाम एक अनोखा लेकिन, अनचाहा कीर्तिमान जुड़ गया है। ये इसी का नजीता है कि आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोग इस शहर के बारे में गूगल से जानकारी जुटा रहे हैं।
 
इसकी शुरुआत तब हुई जब पुणे के कुछ समाजशास्त्रियों ने अश्लील वेबसाइट देखने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। आपको जानकर हैरानी होगी कि उन्नाव का नाम उन सबसे बड़े शहरों की सूची में शुमार है जहां सबसे ज्यादा लोग अश्लील वेबसाइट्स देखते हैं।
 
इस क्रम में उन्नाव का नाम देश में पांचवां और यूपी में पहला है। लखनऊ और कानपुर के बीच बसा छोटा सा शहर उन्नाव। इसे महर्षि वाल्मीकि, साहित्यकार प्रताप नारायण मिश्र और सूर्यकांत त्रिपाठी निराला की नगरी कहा जाता है। कुछ साल पहले इसी शहर में स्थित एक किले में 1000 टन सोना मिलने की बात ने पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया था।
 
शोभन सरकार और उनकी इस भविष्यवाणी पर कई दिन खुदाई भी हुई थी और पूरा देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया उन्नाव की तरफ देख रही थी। एक बार फिर से पूरी दुनिया गूगल के जरिये उन्नाव को खोज रही है। इस बार मसला थोड़ा अलग है। इस बार हो रही चर्चा उन्नाव को लगी एक अजीब सी बीमारी की वजह से है। शहर के युवाओं पर अश्लील फिल्में देखने का भूत सवार है।
 
जिले की आबादी का एक बड़ा हिस्सा पोर्न वेबसाइट को सर्फ करने में मगन है। उनकी इसी दीवानगी ने उन्नाव को एक अनचाहे सम्मान से नवाज दिया है। उन्नाव में अश्लील वेबसाइट देखने वालों की संख्या इतनी ज्यादा हो गई है कि इसका नाम पूरी दुनिया में चर्चा में आ गया है। दुनियाभर में सबसे ज्यादा अश्लील फिल्में देखने वालों की संख्या के मामले में उन्नाव का स्थान पांचवां है।
 
क्वालालम्पुर से भी ज्यादा लोग उन्नाव में अश्लील फिल्में देखते हैं। इससे ऊपर सिर्फ दिल्ली, पुणे, मुम्बई और कोलकाता ही हैं। इस बात का खुलासा पुणे के कुछ समाजशास्त्रियों द्वारा किए गए शोध से हुआ है। उन्होंने इसकी जानकारी के लिए एक अनोखा प्रयोग किया। समाजशास्त्रियों ने गूगल पोर्न साइट सर्च इंजन की डिटेल निकाली और उसका अध्ययन किया कि किस शहर से कितने लोगों ने पोर्न साइट्स को एक्सेस किया।
 
इसी अध्ययन से ये हैरतअंगेज जानकारी हासिल हुई। इससे ये भी पता चला कि जहां 2008 में पहले जहां मुम्बई और पुणे में सबसे ज्यादा अश्लील वेबसाइट्स देखी जाती थीं। वहीं अब ये स्थान दिल्ली ने हासिल कर लिया है। इस पूरी रिसर्च में सबसे चौंकाने वाली बात उन्नाव का होना है।
 
मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि पोर्न वेबसाइट्स देखने में मशगूल रहना बेहद नुकसानदायक है। ऐसी वेबसाइट्स पर न सिर्फ गलत जानकारी उपलब्ध रहती है बल्कि इनके बार-बार देखने से मानसिक स्थिति पर भी बुरा असर पड़ता है।
 
शहरी आबादी के लिहाज से उन्नाव का स्थान यूपी में 35 वां है। साक्षरता दर में भी कोई खास गिरावट नहीं है। ऐसा भी नहीं कि इस शहर में युवाओं की कोई विशेष फौज है। फिर सवाल उठता है कि उन्नाव को ये अनचाही प्रसिद्धि कैसे हासिल हुई। आखिर इस शहर की आबोहवा में ऐसा क्या घुलमिल गया है जिसकी वजह से इसे ये नया ताज मिला है।
 
इस तरह की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें-
 

वेबदुनिया पर पढ़ें