कृषि कानूनों से नाराज प्रकाश सिंह बादल ने पद्म पुरस्कार किया वापस

गुरुवार, 3 दिसंबर 2020 (14:51 IST)
चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में गुरुवार को पद्मविभूषण पुरस्कार वापस कर दिया।
 
शिरोमणि अकाली दल के नेता बादल ने कहा कि मैं जो हूं, वो जनता के कारण हूं, खासतौर पर आम किसान के कारण। आज जब उसने अपने सम्मान से ज्यादा खोया है तो ऐसे में मुझे पद्मविभूषण पुरस्कार रखने का कोई औचित्य नहीं समझ आता।
 
पार्टी ने एक बयान में कहा कि प्रकाश सिंह बादल ने भारत सरकार द्वारा किसानों के साथ की गई धोखाधड़ी, बेरुखी और कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के चल रहे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक आंदोलन पर सरकार के रुख के विरोध में पद्मविभूषण लौटा दिया है। बादल ने कहा कि किसान जीने के अपने मूलभूत अधिकार की रक्षा के लिए कड़ाके की ठंड में कड़ा संघर्ष कर रहे हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी