मुंबई में ऑर्केस्ट्रा बार में छापेमारी, 23 लोग गिरफ्तार, 13 महिलाओं को बचाया

शुक्रवार, 11 नवंबर 2022 (21:38 IST)
मुंबई। मुंबई के पूर्वी उपनगरीय क्षेत्र घाटकोपर में अवैध तरीके से चलाए जा रहे ऑर्केस्ट्रा बार में छापेमारी कर पुलिस ने 23 लोगों को गिरफ्तार किया है और 13 महिलाओं को वहां से बचा लिया है। पुलिस ने मौके से छापेमारी के दौरान कंप्यूटर उपकरण एवं 35760 रुपए नकद बरामद किया है। इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने शुक्रवार को यहां इसकी जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस के सामाजिक सेवा शाखा ने बार में गुरुवार की रात करीब सवा ग्यारह बजे छापेमारी की, जो पंत नगर में 90 फुट रोड पर स्थित है।

उन्होंने बताया कि महिलाएं बार में डांस कर रही थीं। अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के बाद वहां से कम से कम 13 महिलाओं को बचा लिया गया, जबकि 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रबंधक, कैशियर, 7 वेटर और 13 ग्राहक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय दंड विधान समेत अन्य अधिनियमों की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मौके से छापेमारी के दौरान कंप्यूटर उपकरण एवं 35760 रुपए नकद बरामद किया है।(भाषा)
Edited by : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी