राज्यसभा नहीं जाएंगे केजरीवाल, AAP ने राजिंदर गुप्ता के नाम पर लगी मुहर

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 5 अक्टूबर 2025 (12:53 IST)
Arvind Kejriwal news in hindi : दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राज्यसभा में आम आदमी पार्टी का नेतृत्व नहीं करेंगे। पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में राजिंदर गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। 
 
आम आदमी पार्टी ने 24 अक्टूबर को पंजाब में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए उद्योगपति राजिंदर गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। राज्य में पार्टी के सदस्यों की संख्‍या को देखते हुए गुप्ता की जीत तय मानी जा रही है।
 
राजिंदर गुप्ता ने एक दिन पहले ही पंजाब योजना बोर्ड के वाइस चेयरमैन और श्री काली माता मंदिर प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया था।
 
गौरतलब है कि आप के संजीव अरोड़ा के इस्तीफे की वजह से यह सीट रिक्त हुई थी। उन्होंने लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।
 
पंजाब से राज्यसभा सीट खाली होने के बाद सियासी गलियारों में चर्चा थी कि पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया की पंजाब के रास्ते राज्यसभा में एंट्री हो सकती है। 
 
राज्यसभा चुनाव में नामांकन की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर है। नाम वापसी 16 अक्टूबर तक हो सकेगी। 24 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान के बाद शाम को नतीजे का एलान कर दिया जाएगा।
edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी