UP Nikay Chunav : निर्दलीय उम्‍मीदवार संजय उपाध्याय को सपा ने पार्टी से किया बाहर

शनिवार, 29 अप्रैल 2023 (12:57 IST)
बलिया (उत्‍तर प्रदेश)। Uttar Pradesh Nikay Chunav : समाजवादी पार्टी (सपा) ने बलिया नगर पालिका परिषद के चुनाव में अध्यक्ष पद के पार्टी के उम्मीदवार लक्ष्मण गुप्ता के विरुद्ध निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले पूर्व अध्‍यक्ष संजय उपाध्याय को 6 साल और 3 अन्य नेताओं को एक-एक वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

सपा के जिलाध्यक्ष राज मंगल यादव ने शनिवार को बताया कि पार्टी ने बलिया नगर पालिका परिषद के चुनाव में लक्ष्मण गुप्ता को अध्यक्ष पद के लिए अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। गुप्ता के खिलाफ पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्‍यक्ष संजय उपाध्याय बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं।

यादव ने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर संजय उपाध्याय को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। संजय उपाध्याय बलिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रह चुके हैं तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से 2012 के विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से प्रत्याशी भी रहे लेकिन 2017 में वह सपा में शामिल हो गए थे।

यादव ने बताया कि नगर पालिका परिषद के चुनाव में दल विरोधी गतिविधियों को लेकर पार्टी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष जमाल आलम, निवर्तमान जिला सचिव आदर्श मिश्रा झब्बू और बलिया नगर के निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव को एक-एक वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी