Patan crime news: यह मामला गुजरात के पाटन जिले का है। 23 साल की विवाहित महिला अपने प्रेमी के साथ भाग जाना चाहती थी। घर वालों को इसकी कानोकान खबर न लगे, इसके लिए उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर एक खतरनाक साजिश को अंजाम दिया। जब लोगों को इस बारे में पता चला तो उनके होश उड़ गए।
मामला गुजरात के पाटन जिले के जाखोत्रा गांव का है। 17 मई की सुबह सुरेश गेंगा भीमा नामक व्यक्ति अपने बच्चे के रोने की आवाज सुनकर नींद से जागा। उसने अपनी पत्नी गीता को पुकारा। जब पत्नी नहीं आई तो उठकर घर के पीछे की तरफ गया। घर के पीछे पहुंचा तो उसे एक अधजला शव नजर आया। शव पर वही कपड़े थे, जो उसकी पत्नी गीता पहनती थी। पांवों में पायल भी थी। सुरेश के पांव तले से जमीन खिसक गई। उसे लगा कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली।
शव गीता का नहीं हरजी का था : सुरेश ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। लेकिन, जांच के बाद कुछ घंटों में ही कहानी पूरी तरह पलट गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि यह शव 56 वर्षीय दलित हरजी देभा सोलंकी का है। सोलंकी जाखोत्रा से 7 किलोमीटर दूर वौवा गांव का रहने वाला था। इससे पहले कि प्रेमी जोड़ा भागता उन्हें ट्रेन में चढ़ने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। दोनों जोधपुर भागने की तैयारी में थे।
इस तरह रची हत्या की साजिश : पुलिस ने पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया। आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि गीता अपने प्रेमी भरत लुभा अहिर के साथ गांव छोड़कर भाग जाना चाहती थी। भरत और गीता ने मिलकर पहले हरजी सोलंकी को शराब पिलाकर बेहोश कर दिया और फिर उसे जला दिया। बेहोश करने के बाद गीता ने अपने कपड़े हरजी को पहना दिए ताकि लोगों को लगे कि गीता जल गई है। पुलिस ने 28 मई को सुबह 4 बजे पालनपुर रेलवे स्टेशन से गीता और भरत को गिरफ्तार कर लिया।