कश्मीर घाटी को देश के अन्य क्षेत्रों से जोड़ने वाले इस राजमार्ग पर यात्री वाहनों समेत हजार से अधिक वाहन फंस गए हैं, हालांकि यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने हिमपात की आशंका वाले क्षेत्रों से यात्री वाहनों को सुरक्षित जगहों की ओर रवाना कर दिया गया।
यातायात विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि काजीगुंड, जवाहर सुरंग और बनिहाल और शैतान नाला में भारी बर्फबारी होने के कारण सड़क पर 2 से 5 फीट बर्फ जमी है और राजमार्ग दोनों ओर से बंद है। रामबाण और रामसु इलाके में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है।
प्रवक्ता ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने पूरे क्षेत्र में सड़कों पर जमी बर्फ को मशीनों से हटाने का काम शुरू कर दिया है। हिमपात, बारिश और भूस्खलन के कारण हालांकि इस काम में रुकावट आ रही है। बीआरओ से मंजूरी मिलने के बाद ही यातायात को अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जम्मू की तरफ जा रहे 350 यात्री वाहनों को काजीगुंड में रोका गया है जबकि घाटी की ओर जा रहे वाहनों की सही संख्या के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं है। अधिकारियों की पहली प्राथमिकता है कि यात्री वाहनों को वहां से निकाला जाए। 6 जनवरी से हो रहे हिमपात और बर्फबारी के कारण कई पर्यटक भी रास्ते में फंस गए है।