श्रीलंकाई नौसेना ने 1000 मछुआरों का पीछा किया, जाल फाड़े

मंगलवार, 30 जनवरी 2018 (12:05 IST)
रामेश्वरम। श्रीलंकाई नौसेना ने सोमवार को कच्चातीवु द्वीप के नजदीक मछली पकड़ने गए तमिलनाडु के करीब 1,000 मछुआरों का पीछा किया और कुछ नौकाओं के मछली पकड़ने वाले जालों को भी फाड़ दिया।
 
तमिलनाडु मछुआरा मशीनीकृत नौका संगठन के अध्यक्ष पी सेसुराजा ने आरोप लगाया कि यहां के मछुआरे कल समुद्र में मछली पकड़ने गए थे और कच्चातीवू द्वीप के नजदीक मछली पकड़ रहे थे। उसी समय तीन नौकाओं में सवार श्रीलंकाई नौसेना के जवान वहां आए और कम से कम पांच नौकाओं में मछली पकड़ने वाले जालों को काट कर मछुआरों को वहां से चले जाने को कहा। इस घटना के बाद आज सुबह सभी मछुआरे समुद्र तट पर लौट आए। 
 
श्रीलंकाई नौसैनिकों ने 28 जनवरी को इस शहर के 12 मछुआरों को तलैमन्नार के निकट कथित तौर पर अपने जलक्षेत्र में मछली पकड़ने पर गिरफ्तार कर लिया था। नौसेना कर्मियों ने मछुआरों की दो नौकाएं जब्त कर उनकी करीब 50 नौकाओं के जाल काट दिए थे। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी