श्रीलंकाई नौसेना ने 8 भारतीय मछुआरों को पकड़ा, स्टालिन ने लगाई केंद्र से गुहार

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

मंगलवार, 27 अगस्त 2024 (18:13 IST)
8 Indian fishermen arrests : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन (MK Stalin) ने मंगलवार को केंद्र को चेन्नई में बताया कि राज्य के 8 और मछुआरों (fishermen) को श्रीलंकाई नौसेना ने पकड़ा है और उन्होंने ऐसी गिरफ्तारियों की 'खतरनाक पुनरावृत्ति' पर चिंता जताई। 1 सप्ताह के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 23 अगस्त को श्रीलंकाई नौसेना ने कथित समुद्री सीमा उल्लंघन के लिए 11 भारतीय मछुआरों को पकड़ा था।

ALSO READ: क्‍या तमिलनाडु मंत्रिमंडल में हुआ फेरबदल, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दिया यह जवाब
 
116 मछुआरे और 184 नौका श्रीलंका के कब्जे में: स्टालिन ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को एक पत्र लिखकर कहा कि ताजा मामले में रामेश्वरम् से समुद्र में गए 8 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनकी नौका जब्त कर ली गई है। स्टालिन ने कहा कि इस समय 116 मछुआरे और 184 नौका श्रीलंका के कब्जे में हैं। ऐसी घटनाओं की भयावह पुनरावृत्ति ने गिरफ्तार मछुआरों के परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है और भारतीय मछुआरों के सामने आजीविका की समस्या को और बढ़ा दिया है।
 
उन्होंने कहा कि उनकी आजीविका इन जल क्षेत्रों पर निर्भर करती है और ऐसी गिरफ्तारियां न केवल मछुआरों की आजीविका को प्रभावित करती हैं बल्कि उनके परिवारों के कल्याण को भी खतरे में डालती हैं। उन्होंने जयशंकर से आग्रह किया कि वे श्रीलंका की हिरासत में मौजूद सभी भारतीय नौकाओं और मछुआरों की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों में तेजी लाएं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी