पश्चिम बंगाल में भाजपा सांसद के घर पर बम से हमला, गोलियां भी चलाईं

गुरुवार, 25 जुलाई 2019 (09:48 IST)
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के बैरकपुर के सांसद अर्जुन सिंह के भाटपारा स्थित घर के बाहर बुधवार रात बम फेंके गए। अर्जुन सिंह के परिजनों ने जानलेवा हमले का आरोप लगाया है।
 
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भाटपारा नगर निगम के प्रमुख और अर्जुन सिंह के भतीजे सौरभ सिंह ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने पहले तो घर के बाहर बम से हमला किया उसके बाद गोलियां भी चलाईं। सौरभ सिंह ने इस हमले के पीछे सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस नेताओं का हाथ बताया है। 
 
हमले के बाद से अर्जुन सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने अर्जुन सिंह के घर के बाहर से कारतूस के कुछ खोखे भी बरामद किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के समय से ही राजनीतिक हिंसा का दौर जारी है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस दोनों ही एक-दूसरे को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हैं। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी