Yogi Adityanath News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एक राष्ट्र-एक चुनाव मुद्दे पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अपनी आंतरिक कलह और टूट से बचने के लिए कांग्रेस ने देश को भटकाया एवं राजनीतिक अस्थिरता पैदा की। योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक राष्ट्र-एक चुनाव अभियान के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 1952 से 1967 तक लोकसभा और विधानसभाओं के चुनाव एक साथ हुए, लेकिन कांग्रेस की अंदरुनी टूट के बाद यह प्रथा समाप्त हो गई।
उन्होंने कहा कि 1967 के बाद सरकारें भंग की गईं, राष्ट्रपति शासन लगा और राजनीतिक अस्थिरता ने देश को भटकाया। उन्होंने कहा कि 1980 के दशक में भी यह मुद्दा उठा, लेकिन आगे नहीं बढ़ सका। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिशों और जनजागरण के जरिए इसे 2034 तक लागू करने का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
योगी ने कहा कि विधानसभाओं के कार्यकाल को समायोजित कर एक साथ चुनाव संभव हों ऐसा किया जाए, जिससे 3.5 से 4.5 लाख करोड़ रुपए के सालाना खर्च को विकास कार्यों में लगाया जा सके। उन्होंने अनुमान लगाया कि बार-बार चुनाव से 3.5 से 4.5 लाख करोड़ रुपए का बोझ जनता पर पड़ता है, जो विकास कार्यों में लगाया जा सकता है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी पसंद का जनप्रतिनिधि चुनना जनता का अधिकार है, लेकिन बार-बार चुनाव जनता पर अनावश्यक बोझ डालता है। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक अस्थिरता को न सिर्फ जन्म देता है बल्कि देश के अंदर विकास की संभावनाओं को बाधित करता है और सार्वजनिक जीवन में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देता है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता कभी भी देश को संप्रभु संपन्न और विकसित देश की परिकल्पना को साकार करने में सहभागी नहीं बन सकती है। उनका कहना था कि बार-बार का चुनाव देश-प्रदेश की जीडीपी को प्रभावित करता है तथा विकास के लिए चालू योजनाओं में बाधक का काम करता है, ऐसे में लोकतंत्र के प्रति लोगों का आकर्षण भी घटता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक राष्ट्र एक चुनाव विजन को साकार करने की आवश्यकता है, जो 2019 में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा अनावरण के दौरान घोषित हुआ था। योगी ने कहा कि यह विचार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का भी था, जिन्होंने राजनीतिक स्थिरता को सुशासन, सुरक्षा और विकास की पहली शर्त माना था।
योगी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा, खासकर 2017 से पहले की स्थिति को याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में हर जनपद में एक समानांतर सरकार चलती थी, जो कानून और संवैधानिक प्रोटोकॉल की परवाह नहीं करती थी।
उन्होंने कहा कि विपक्ष दुष्प्रचार करेगा, लेकिन हमें जवाब देना चाहिए कि देश हमारा है, विकास हमारा है, राजनीतिक स्थिरता हमारी जरूरत है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा बढ़ानी होगी। इस अवसर पर राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour