जदयू विधायक राम सेवक हजारी का निधन

शनिवार, 27 अक्टूबर 2012 (11:55 IST)
बिहार के समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से जदयू विधायक राम सेवक हजारी का शनिवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से नयी दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।

जदयू विधायक के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि हजारी ने नई दिल्ली के अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली। हजारी के परिवार में पत्नी, चार पुत्र और चार पुत्रियां है। उनके पुत्र महेश्वर हजारी समस्तीपुर के सांसद है जबकि एक अन्य पुत्र शशि भूषण कुशेश्वर से विधायक है और बहू मंजू हजारी रोसडा क्षेत्र से विधायक है।

सांसद महेश्वर हजारी ने बताया कि बीते 21 अक्तूबर को दिल का दौरा पड़ने पर हजारी को पटना के इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान में भर्ती कराया गया था। पिछले 23 अक्तूबर को पटना से उन्हें नई दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सांसद ने बताया कि राम सेवक हजारी का अंतिम संस्कार समस्तीपुर में खानपुर प्रखंड के मुजारी गांव में किया जाएगा। उसके पहले अंतिम दर्शन के लिए दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर बिहार विधान परिसर और जदयू के प्रदेश कार्यालय में रखा जाएगा।

राम सेवक हजारी छह बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके है। वर्ष 1967 में वह पहली बार वारिशनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। वर्ष 1977 में वह समाजवादी विचारधारा की पार्टी प्रजा सोशलिस्ट पार्टी से रोसडा संसदीय क्षेत्र से सदस्य निर्वाचित हुये थे। वह दो बार जदयू के विधायक रहे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें