'तिलक ही लगाना, होली मत खेलना'

शुक्रवार, 21 सितम्बर 2007 (15:04 IST)
जाने-माने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का शुक्रवार को यहाँ भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में स्वागत करने के लिए जब महिला मोर्चे की कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा तो वह भी अचकचा कर बोल उठे- भई, तिलक लगाना होली मत खेलना।

तीन दिवसीय बैठक की शुरुआत के मौके पर यहाँ आए सिन्हा को देखते ही उन्हें तिलक लगाने के लिए महिला मोर्चे की कई कार्यकर्ता एक साथ दौड़ पड़ीं।

ढेर सारी महिलाओं से घिरे सिन्हा भी अचकचा गए और उन्होंने तत्काल अपनी विशिष्ट शैली में कहा कि तिलक ही लगाइएगा, होली-वोली मत खेलिएगा।

छोटे पर्दे पर 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' धारावाहिक के जरिये धूम मचाने वाली तुलसी फेम स्मृति इरानी का आकर्षण भी महिला मोर्चे की कार्यकर्ताओं के ‍िसर चढ़कर बोला। श्रीमती ईरानी के बैठक स्थल पर आते ही मोर्चे की कार्यकर्ताओं ने प्रसन्न भाव से उन्हें घेर लिया और कमल का पुष्प भेंट कर उनकी अगवानी की।

वेबदुनिया पर पढ़ें