चाचा ने दी पांच वर्षीय भतीजी की बलि!

ND

देश भले ही 21वीं सदी में प्रवेश कर गया हो लेकिन गांवों में आज भी अंधविश्वास का अंधेरा छाया हुआ है। तांत्रिकों के कहने पर आज भी लोग अपने घर के दुलारों की बलि दे देते हैं। संतान पाने की कामना में दूसरे की संतान को बेरहमी से कत्ल कराने में इलाहाबाद, कौशांबी, सीतापुर, एटा और तमाम जनपदों की श्रृंखला में बाराबंकी का नाम भी जुड़ गया, जहां एक चाचा ने अपनी भतीजी को तांत्रिक के हवाले कर दिया।

तांत्रिक ने चाचा के सामने ही उसकी पांच वर्षीया भतीजी का पेट चीर कर उसके गुर्दे और अन्य अंगों को खा डाला और फिर लड़की के चाचा से कहा जाकर अपनी पत्नी के साथ सहवास करो, ताकि उसके पेट में एक भ्रूण अपनी जगह बना ले। यह लोमहर्षक घटना बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र की भिटोखर गांव की है।

कमलेश मौर्य की बेटी की शादी में ओमप्रकाश सपरिवार आया हुआ था। आठ जून की रात पांच वर्षीया सविता रात में अचानक गायब हो गई। दो दिन बाद एक खेत में उसका शव मिला। शव पर तेजाब पड़ा हुआ था। उसके कुछ अंग भी गायब थे। शक हुआ कि कहीं गुर्दा चोर लोगों का काम तो नहीं है।

समाजवादी पार्टी ने इसे बलात्कार और हत्या का मामला बताकर प्रदेश सरकार की आलोचना भी की थी। लेकिन पुलिस ने गांव के ही एक तांत्रिक गया प्रसाद उर्फ सूरमा को गिरफ्तार किया तो जो मामला प्रकाश में आया, उससे लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। गया प्रसाद ने बताया कि सविता के चाचा अनिल मौर्य ने संतान प्राप्ति के लिए उससे संपर्क किया था। उसने नरबलि कराने की सलाह दी थी।

ND
अनिल मौर्य सविता को लेकर आया था। उसने उसका पेट चीर कर उसके अंगों को खा लिया था और कहा था कि जाकर अपनी पत्नी के साथ शयन करो ताकि उसकी पत्नी गर्भ धारण कर सके। उसने सविता के शव पर तेजाब डाल दिया था ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके। मारने से पहले उसने सविता के चेहरे, सिर और हाथ पर निशान बनाकर मंत्रोच्चार भी किया था।

तांत्रिक द्वारा किए गए खुलासे पर पुलिस ने अनिल मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान तांत्रिक के प्रति लोगों में बढ़ता गुस्सा देख पुलिस वालों ने उससे साथ कुछ ज्यादा ही कड़ाई कर दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। विशेष पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने बताया कि तांत्रिक की मौत पुलिस हिरासत में होने के कारण थानाध्यक्ष सहित चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

वेबदुनिया पर पढ़ें