पेनल्टी शूटआउट में जापान हारा

बुधवार, 30 जून 2010 (00:10 IST)
FILE
काँटे के मुकाबले में पूरे 120 मिनट तक गोलरहित बराबरी पर खेलने के बाद पराग्वे ने इस विश्व कप के पहले पेनल्टी शूटआउट में जापान को 5-3 से हराकर टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। क्वार्टर फाइनल में पराग्वे का सामना स्पेन या पुर्तगाल से होगा। पराग्वे ने टूर्नामेंट में एकमात्र गोल इटली को गँवाया है।

पेनल्टी शूटआउट में जापान के लिए युइची कमानो तीसरा शॉट चूक गए जबकि पराग्वे की सारी पेनल्टी निशाने पर लगी। स्थानापन्न खिलाड़ी आस्कर कारडोजो ने विजयी गोल दागा। पराग्वे के लिए एगर बरेटो, लुकास बैरियोस, क्रिस्टियन रिवेरोस, नेल्सन वेलडेज और कारडोजो ने गोल किये जबकि जापान के लिए यूशितो एंडो, मकोतो हासेबे और केसुके होंडा ने गोल दागे।

ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली जापानी टीम की हार के साथ ही टूर्नामेंट में एशियाई चुनौती भी समाप्त हो गई। दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया पहले ही बाहर हो चुके हैं। जापान दक्षिण कोरिया के साथ संयुक्त मेजबानी में 2002 में हुए विश्व कप में दूसरे दौर तक पहुंचा था लेकिन अपनी धरती के बाहर पहली बार वह इस मुकाम तक पहुँचा।

हाफटाइम तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर थी। योशितो ओकुबो ने एशियाई टीम के लिए शुरुआती मौका बनाया लेकिन उनका शॉट बाहर से निकल गया। वहीं दूसरी ओर रोक सांटाक्रूज के क्रॉस पर एगर बेनिटेज का हेडर चूक गया।

पराग्वे के स्ट्राइकर लुकास बेरियोस ने 21वें मिनट में नीरस मुकाबले में फिर जान फूँकने की कोशिश करते हुए अच्छा शॉट लगाया लेकिन गोलकीपर ईजी कावाशिमा ने मुस्तैदी से उसे बचा लिया।

इसके एक मिनट बाद डेइसुके मेटसुइ ने गेंद पर कब्जा बनाते हुए लंबी दूरी से उसे गोल के भीतर डालने की कोशिश की लेकिन उनका शॉट पराग्वे के क्रासबार से टकराकर निकल गया। मैनचेस्टर युनाइटेड के स्ट्राइकर सांटा क्रूज ने 29वें मिनट में बाएँ पैर से शॉट लगाया लेकिन गेंद बाहर से निकल गई।

आधे घंटे के अतिरिक्त समय में भी कोई टीम गोल नहीं कर सकी। पराग्वे को 97वें मिनट में मौका मिला जब बायीं ओर से क्लाउडियो मोरेल ने नेल्सन वालडेज को गेंद सौंपी लेकिन इस स्थानापन्न खिलाड़ी का शॉट सीधे जापानी गोलकीपर ईजी कावाशिमा के हाथ में चला गया। इसके एक मिनट बाद केसुके होंडा का शॉटपराग्वे के गोलकीपर जस्टो विलार ने बचा लिया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें