भारत और बेल्जियम की टीमों के बीच पाँच हॉकी टेस्टों की श्रृंखला का पहला मैच यहाँ शुक्रवार को खेला जाएगा।
भारतीय हॉकी टीम के कोच जोकिम कारवाल्हो और बेल्जियम के नवनियुक्त कोच एडम क्यूमेन्स ने कहा कि इस वर्ष अगस्त में होने वाले ओलिंपिक खेलों के मद्देनजर यह श्रृंखला दोनों ही टीमों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
कारवाल्हो ने कहा कि बंगलोर में कड़े प्रशिक्षण के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर की श्रृंखला खेलने से बढ़िया कुछ नहीं हो सकता। इससे टीम लय में आएगी और उसके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।
भारत और बेल्जियम के बीच फ्लड लाइट में खेले जाने वाले मैचों को अंतरराष्ट्रीय हॉकी संघ ने आधिकारिक स्तर प्रदान किया है। इस श्रृंखला के मैच 25, 28, 29, 30 और 31 जनवरी को खेले जाएँगे। ओलिंपिक खेलों के लिए 32 वर्षों के बाद क्वालीफाई करने वाली बेल्जियम के लिए भी यह श्रृंखला उतनी ही महत्वपूर्ण है।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मिडफिल्डर एवं बेल्जियम के कोच क्यूमिन ने कहा कि हम ओलिंपिक खेलों से पहले अपने देश के ठंडे वातावरण से दूर बीजिंग जैसे गर्म वातावरण में अच्छा अभ्यास करना चाहते थे। भारत का वातावरण उसके अनुसार बिल्कुल सही है।