भारत ने गोलों की बरसात करते हुए महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के पूल 'ए' के एक मैच में सिंगापुर को 16-0 से रौंद डाला।
भारत की ओर से कप्तान ममता खरब ने सर्वाधिक पाँच गोल दागे, जबकि सुरिंदर कौर, जसजीत कौर और सबा अंजुम ने भी तीन-तीन गोल किए।
रानी रितु और दीपिका ठाकुर ने भी एक-एक गोल का योगदान दिया। मध्यांतर तक भारत की टीम 8-0 से आगे चल रही थी।
भारतीय टीम ने प्रतियोगिता में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और चीन से बेहतर गोल अंतर के कारण पूल 'ए' में शीर्ष पर बनी हुई है। भारत को अपने अंतिम लीग मैच में चीन का ही सामना करना है, जो पूल विजेता का नाम तय करेगा।
गत विजेता को ममता ने सातवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर 1-0 की बढ़त दिलाई। ममता ने इसके 12 मिनट बाद ही एक और मैदानी गोल किया।
भारत ने इसके बाद आक्रमण में तेजी लाते हुए पहले हाफ में छह और गोल दागे। दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा कायम रहा और 41वें मिनट में सबा अंजुम ने गोल दागकर बढ़त को 9-0 कर दिया।
भारत ने इसके बाद पाँच और गोल करके स्कोर 14-0 तक पहुँचाया। जसजीत कौर ने अंतिम तीन मिनट में दो गोल दागकर मैच को शानदार अंजाम तक पहुँचाया।