राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण जीत सकते हैं हम : अमलराज

शनिवार, 24 मार्च 2018 (19:35 IST)
चेन्नई। दिल्ली राष्ट्रमंडल खेल में कांस्य और ग्लास्गो में रजत पदक जीतने वाले टेबल टेनिस खिलाड़ी एंथोनी अमलराज का मानना है कि गोल्ड कोस्ट में वह अपने पदक का रंग बदल सकते हैं। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चुनी गई भारतीय टेबल टेनिस टीम में अमलराज, अचंत शरत कमल, जी साथियान, हरमीत देसाई और सानिल शेट्टी हैं।


अमलराज ने कहा, हमारी तैयारी अच्छी है और हमारे पास मजबूत टीम है। हमारे छह खिलाड़ी शीर्ष 100 में हैं और हम टीम वर्ग में स्वर्ण जीत सकते हैं। उन्होंने कहा, हमने पुर्तगाल में अभ्यास किया है, जिससे राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तैयारी में मदद मिली। मैंने पोलिश ओपन में पदक जीता था।

उन्होंने कहा, कतर ओपन में मैंने दुनिया के 50वें नंबर के खिलाड़ी को हराया। शीर्ष खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने और अभ्यास से मेरा खेल बेहतर हुआ है। उम्मीद है कि यह लय राष्ट्रमंडल खेल में भी कायम रहेगी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी