विश्व कुश्ती में दिखेगा भारतीय महिला पहलवानों का दम

शुक्रवार, 29 जून 2018 (22:37 IST)
लखनऊ। हंगरी में 20 से 28 अक्‍टूबर तक में होने वाली विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत की तरफ से चुनौती पेश करने के लिए दस वजन वर्गों में से आठ महिला पहलवानों को टिकट मिल गया है। इनमें कुश्ती की सनसनी कहे जाने वाली भारत की स्टार महिला पहलवान पूजा ढांढा 57 किलोग्राम और रेलवे की रितु मलिक 65 किलोग्राम में शामिल हैं।


भारतीय टीम के पहलवानों की घोषणा साई सेंटर में हुए ओपन ट्रायल के बाद की गई। अगस्त में जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में शामिल की गई पिंकी, पूजा ढांढा, दिव्या काकरान और किरन विश्व चैंपियन की टीम में शामिल हैं। ट्रायल भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और अन्य चयनकर्ताओं के सामने हुआ।

विश्व चैंपियनशिप में दस भार वर्गों में भारतीय पहलवान चुनौती पेश करेंगी। इनमें आठ पहलवानों के नाम घोषित कर दिए गए हैं। 50 किलोग्राम भार वर्ग में राष्ट्रमण्डल खेलों की चैंपियन विनेश फोगाट और 59 किलोग्राम भार वर्ग में रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक को ट्रायल से छूट दी गई थी। इनका ट्रायल अब एशियाई खेलों के बाद होगा। विनेश फोगाट को रितु फोगाट से और साक्षी मलिक को संगीता फोगाट से मुकाबला करना होगा। जीतने वाली विश्व चैंपियनशिप में भारतीय चुनौती पेश करेगी।

चुनी गई टीम : पिंकी (53 किग्रा, दिल्ली), सीमा (55 किग्रा, हरियाणा), पूजा ढांढा (57 किग्रा, हरियाणा), सरिता (62 किग्रा, रेलवे), रितु मलिक (65 किग्रा, रेलवे), दिव्या काकरान (68 किग्रा, उत्तर प्रदेश), रजनी (72 किग्रा, उत्तर प्रदेश), किरन (76 किग्रा, रेलवे)।
(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी