सानिया मिर्जा बनेंगी खेल रत्न!

शनिवार, 18 जुलाई 2015 (16:40 IST)
नई दिल्ली। विश्व की नंबर एक युगल खिलाड़ी और हाल में विंबलडन का महिला युगल खिताब जीतने वाली टेनिस स्टार सानिया मिर्जा इस वर्ष देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित हो सकती हैं।
केंद्रीय खेल मंत्रालय की सानिया के नाम की खेल रत्न के लिए सिफारिश करने की योजना है। खेल रत्न पुरस्कार हर वर्ष 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के अवसर पर राष्ट्रपति अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कारों के साथ प्रदान करते हैं। गत वर्ष किसी भी खिलाड़ी को खेल रत्न प्रदान नहीं किया गया था।
     
28 वर्षीय सानिया इस वर्ष अप्रैल में विश्व की नंबर एक युगल खिलाड़ी बनी है। वह इस समय अपनी जोड़ीदार स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस के साथ दुनिया की नंबर एक युगल जोड़ी हैं। उन्होंने हाल ही में पहली बार विंबलडन का महिला युगल खिताब हिंगिस के साथ मिलकर जीता था।
 
सानिया ने व्यक्तिगत तौर पर खेल रत्न के लिए आवेदन नहीं किया है। लेकिन माना जा रहा है कि नियमों के अनुसार यदि मंत्रालय को महसूस होता है तो वह योग्य खिलाड़ी के नाम की सिफारिश इस सर्वोच्च पुरस्कार के लिए कर सकता है। खेल मंत्रालय सानिया को उनके लाजवाब प्रदर्शन के लिए खेल रत्न बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें