पूर्व भारतीय खिलाड़ी जफर इकबाल ने रखी पाक खिलाड़ियों को भारतीय हॉकी लीग में शामिल करने की मांग

शुक्रवार, 14 जुलाई 2023 (17:20 IST)
भारतीय हॉकी के दिग्गज जफर इकबाल ने गुरुवार को आगामी हॉकी इंडिया लीग (HIL) में पाकिस्तान के खिलाड़ियों को शामिल करने की वकालत की।हॉकी इंडिया लीग का सात साल के अंतराल के बाद 2025 के शुरू में आयोजन किया जाएगा। इस फ्रेंचाइजी आधारित प्रतियोगिता को वित्तीय कारणों और टीम मालिकों से सहयोग नहीं मिलने के कारण निलंबित कर दिया गया था। इस प्रतियोगिता का पेरिस ओलंपिक के बाद आयोजन किया जा सकता है जिसमें पहली बार महिलाओं की लीग भी होगी।

मास्को ओलंपिक 1980 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे जफर इकबाल ने यहां मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के अनावरण के अवसर पर भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी टेस्ट श्रृंखला फिर से शुरू करने की भी वकालत की।

खेलों में नहीं होनी चाहिए राजनीति- जफर

जफर से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान के खिलाड़ियों को हॉकी इंडिया लीग में खेलने की अनुमति दी जानी चाहिए, उन्होंने कहा,‘‘हां, मेरा मानना है कि खेलों में किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए।’’

हॉकी इंडिया लीग 2013 में जब शुरू हुई थी तो उसमें पाकिस्तान के नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद हालांकि इसमें किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया था।

जफर से पूछा गया कि क्या भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी टेस्ट श्रृंखला भी शुरू की जानी चाहिए, उन्होंने कहा,‘‘मुझे ऐसा लगता है क्योंकि (खिलाड़ियों के बीच मतभेद) जैसा कुछ नहीं है। यह राजनीतिक मुद्दा है।’’

भारत पाक के बीच शुरु हो टेस्ट सीरीज

यह पूछे जाने पर कि क्या वह पाकिस्तान के खिलाड़ियों के भारत आने के पक्ष में हैं, उन्होंने कहा, ‘‘हां, क्योंकि हमारे देश के लोग भी यह देखना चाहते हैं कि वे कैसा खेल रहे हैं और हमारी टीम से उनकी तुलना कैसे होती है। आखिर पाकिस्तान भी पहले भारत का हिस्सा था और इसमें कोई संदेह नहीं ।’’

जफर ने कहा,‘‘ उन्हें (पाकिस्तानी खिलाड़ियों को) आमंत्रित किया जाना चाहिए। उन्हें यहां खेलना चाहिए और हमें उनके देश का दौरा करना चाहिए । इसमें किसी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए लेकिन मैं राजनीतिक स्थिति के बारे में नहीं जानता हूं ।’’

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष और पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की से जब पूछा गया कि क्या हॉकी इंडिया लीग में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खेलने की अनुमति दी जाएगी, उन्होंने कहा,‘‘हम इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे। हमारी समिति इस पर फैसला करेगी।’’

इस अवसर पर उपस्थित खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से पूछा गया कि क्या पाकिस्तानी खिलाड़ियों को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने के लिए वीजा दिया जाएगा, उन्होंने कहा,‘‘जब भी विश्वकप, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल या विश्व चैंपियनशिप जैसी बहुराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं होंगी तो सरकार भागीदार देशों को वीजा उपलब्ध कराएगी।’’ (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी