ये हैं बिग बॉस 11 के 5 दमदार खिलाड़ी

बिग बॉस एक खेल है और इस बार खिलाड़ी दमदार तरीके से खेल रहे हैं। जीतने के लिए वे नई-नई चाल चल रहे हैं और खेमेबाजी जोरो पर है। सभी अपने-अपने विरोधियों को निपटाने में लगे हुए हैं। यहां बात करते हैं बिग बॉस 11 के पांच दमदार खिलाड़ियों की जो जीतने के लिए यथासंभव कोशिश कर रहे हैं। 
 
हिना खान 
हिना खान के विरोध में कई खिलाड़ी हैं और ये उनकी लोकप्रियता का सबूत है। उनके विरोधी भी स्वीकारते हैं कि हिना इस सीजन को जीतने की सबसे बड़ी दावेदार में से एक हैं और वे हिना को घर से बेघर करने की कोशिश में लगे रहते हैं। हिना के विरोधियों में शिल्पा, पुनीश, बंदगी, अर्शी खान, विकास गुप्ता, आकाश ददलानी प्रमुख हैं। इनके खिलाफ लड़ने के लिए हिना ने अपनी गैंग बना रखी है और लव तथा प्रियांक उनके साथ मजबूती से खड़े रहते हैं। लव और प्रियांक की लोकप्रियता कम है इसलिए वे हिना के सहारे फुटेज प्राप्त करने में लगे रहते हैं। हिना दिमाग लड़ा कर यह खेल खेल रही हैं। कब आंसू बहाना है, कब मु्स्कुराना है, कब क्या बोलना है, ये वे अच्छी तरह जानती हैं। अपनी इमेज को साफ रखते हुए वे लड़ाई लड़ती हैं। अपने आपको 'क्लासी' मानने वाली हिना सभी पर भारी पड़ती हैं। 

शिल्पा शिंदे
भाभी जी घर पर हैं के जरिये शिल्पा शिंदे ने लोकप्रियता हासिल की और इसका फायदा उन्हें इस शो में मिल रहा है। उन्हें शो से बाहर निकालने वाले विकास गुप्ता भी यहां मौजूद हैं। शुरुआत में शिल्पा ने विकास पर जम कर भड़ास निकाली। विकास के प्रति उनका सॉफ्ट कॉर्नर भी नजर आया। यह खट्टा-मीठा रिश्ता न दर्शकों को समझ आ रहा है और न खिलाडि़यों को। कहने वाले तो कह रहे हैं कि यह मिली-जुली कुश्ती है। बहरहाल, शिल्पा ने घर वालों के बीच अच्छी जगह बना ली है। वे खाना बना कर उनका दिल जीत चुकी है। 'मम्मी' की इमेज बना कर उन्होंने घर वालों को उनके खिलाफ कुछ भी बोलने से चुप करा दिया है। अर्शी, आकाश से उनके बेहतरीन रिश्ते हैं। हिना और विकास को छोड़ कर कोई भी उनके खिलाफ नहीं है। एक भली महिला की छवि के सहारे वे इस शो में लंबा सफर तय कर सकती हैं। 

हितेन तेजवानी 
विवादों से दूर रहने के कारण हितेन तेजवानी ने सुलझे हुए इंसान के रूप में अपनी पहचान बना ली है। न लेना और न देना के कारण उनका किसी से विवाद नहीं है। निर्विवाद रहने के कारण दर्शक उन्हें पसंद करते हैं। वे कम बोलते हैं और अच्छा बोलते हैं। कभी भी अपशब्दों का उन्होंने उपयोग नहीं किया और न ही फुटेज पाने के लिए बखेड़े खड़े किए। अर्शी खान उन्हें छेड़ते रहती है और हितेन शरमाते रहते हैं। कम दिखते हैं, लेकिन उनकी उपस्थिति महसूस की जा सकती है। 

आकाश ददलानी
आकाश ददलानी ज्यादा सोचते नहीं हैं। जो मन में आया कर दिया। इस कारण उनके पंगे होते रहते हैं। भले ही बेहूदा गाने गाते हैं, लेकिन उनके बेहूदे गानों से कुछ दर्शकों का मनोरंजन हो जाता है। अपने आपको रॉकस्टार मानने वाले आकाश लड़ाई-झगड़ों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उनमें गजब की ऊर्जा है। हिना खान उनके सदैव निशाने पर रहती है। बेन, प्रियांक और लव से भी उनकी नहीं जमती, लेकिन शिल्पा और अर्शी के वे खास हैं। आकाश को देख विंदू दारा सिंह की याद आती है जो बिग बॉस शो के विजेता रह चुके हैं। क्या आकाश भी यह कमाल कर सकते हैं? जवाब तो भविष्य में छिपा हुआ है, लेकिन इस बात से इनकार नहीं है कि वे तगड़े दावेदार हैं। 

विकास गुप्ता 
इस शो में आने के पहले विकास गुप्ता को बहुत कम लोग जानते होंगे, लेकिन शिल्पा शिंदे से विवाद के कारण वे चर्चाओं में आ गए। शिल्पा के कारण लोकप्रिय भी हो गए। हिना के अलावा वे इस शो के दूसरे मास्टर माइंड है। कब विवाद की चिंगारी को हवा देना है, कब छोटी बातों को बड़ा मुद्दा बनाना है, ये वे अच्छी तरह जानते हैं। हर मुद्दे पर उनकी राय होती है। विवाद करा कर दूर से मजे लेना उनकी आदत बन गई है। विकास खेमेबाजी से दूर रहना पसंद करते हैं, लेकिन अर्शी वाले ग्रुप के प्रति उनका झुकाव है। हिना से उनकी नहीं जमती। विकास तरकीब भिड़ा कर विरोधियों को बनाना जानते हैं और इसी खासियत के सहारे वे शो में आगे बढ़ते जा रहे हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी