Rule Changes : 1 अप्रैल से बदलेंगे ये 10 नियम जो आपकी रोजमर्रा जिंदगी पर डालेंगे असर, जानना है जरूरी

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 30 मार्च 2026 (17:24 IST)
1 अप्रैल से शुरू हो रहे नए वित्तीय वर्ष 2026-27 (FY27) के साथ ही देश में कई बड़े वित्तीय और नियामकीय बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इन नए नियमों का सीधा असर आम नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा।  इन बदलावों में इनकम टैक्स और ITR फाइलिंग नियमों में संशोधन, PAN आवेदन प्रक्रिया में बदलाव, LPG सिलेंडर की कीमतों में संशोधन और रेलवे टिकट बुकिंग सिस्टम में बदलाव शामिल हैं। ये सभी नए नियम 1 अप्रैल से प्रभावी हो जाएंगे। जानिए कौनसे हैं वे 10 नियम- 
ALSO READ: Pune Rain : पुणे में अचानक बदला मौसम, मार्च में झमाझम बारिश से मिली भीषण गर्मी से राहत, IMD ने 4 अप्रैल तक जारी किया अलर्ट

1. आयकर नियमों में बड़ा बदलाव 

सबसे बड़ा बदलाव 1 अप्रैल से नए आयकर कानून, 2025 के लागू होने के रूप में सामने आएगा। यह नया कानून दशकों पुराने 1961 के आयकर अधिनियम की जगह लेगा। ऐसे में मिडिल क्लास और सैलरीड पर्सन को पुराने और नए टैक्स रिजीम के बीच चयन करने के लिए अपनी टैक्स कैलकुलेशन फिर से करनी होगी। सरकार की तरफ से भत्तों की छूट सीमा में हुए बदलावों से पुरानी टैक्स रिजीम में जान आ गई है।
 
 

2. टैक होम सैलरी में हो सकती है कमी 

1 अप्रैल से नए श्रम कानून लागू होने की स्थिति में कर्मचारियों की टेक-होम सैलरी में कमी आ सकती है। सरकार द्वारा लाए गए चार नए लेबर कोड्स के ‘वेज’ प्रावधान के तहत कंपनियों को कर्मचारियों की सैलरी का कम से कम 50% बेसिक वेतन के रूप में देना होगा। इससे प्रोविडेंट फंड (PF) में योगदान बढ़ेगा और हाथ में आने वाली सैलरी घट सकती है।
ALSO READ: ईरान में 'ग्राउंड वॉर' की तैयारी में अमेरिका? पेंटागन का खतरनाक प्लान लीक, वियतनाम और इराक जैसी तबाही की आशंका!
 

3. नौकरीपेशा को जमा करना होगा इन्वेस्टमेंट प्रूफ

अगर आप नौकरीपेशा हैं तो आपको अपने ऑफिस में इन्वेस्टमेंट प्रूफ जमा करने होंगे। इसमें घर के किराए की रसीदें, बीमा प्रीमियम की रसीद, होम लोन के ब्याज का सर्टिफिकेट शामिल हैं। अगर आप ये डॉक्यूमेंट्स समय पर नहीं देते हैं तो कंपनी आपकी आखिरी सैलरी से ज्यादा TDS काट लेगी। इसे वापस पाने के लिए इनकम टैक्स रिटर्न भरने तक का इंतजार करना होगा।
 

4. Credit Card का उपयोग करते हों तो दें ध्यान

अगर आप क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल करते हैं, तो 1 अप्रैल 2026 से लागू होने जा रहे नए नियम (New Rules) आपके लिए अहम साबित हो सकते हैं। आयकर कानून 2025 (Income Tax Law) के तहत प्रस्तावित ये बदलाव क्रेडिट कार्ड के उपयोग को ज्यादा पारदर्शी और निगरानी में लाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। खासतौर पर पैन लिंकिंग और बड़े लेन- देन पर नजर सख्त की जाएगी।
 
 हालांकि आम उपयोगकर्ताओं पर इनका ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन ज्यादा खर्च करने वालों और विदेश यात्रा करने वाले लोगों पर इसका सीधा प्रभाव देखने को मिल सकता है।
 

5. FASTag में बड़ा बदलाव  

अगर आप अपने वाहन के लिए FASTag एनुअल पास (वार्षिक पास) बनवाना चाहते हैं, तो पुराने दामों का लाभ उठाने के लिए आपके पास केवल 1 अप्रैल तक का समय है। 1 अप्रैल से टोल फीस और पास के नए रेट लागू होने जा रहे हैं। ऐसे में जो लोग नियमित रूप से टोल से गुजरते हैं, उनके पास पुराने रेट पर रिचार्ज करने के लिए केवल एक दिन का समय बचा है।
 
 

6. LPG की कीमतों में बदलाव 

1 अप्रैल 2026 की शुरुआत भी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव (LPG   के साथ देखने को मिल सकती है। हर महीने की तरह से 1 अप्रैल को भी तेल कंपनियां रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों का रिव्यू कर सकती हैं।  अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर के उतार-चढ़ाव के आधार पर दाम तय होंगे।   

7. PAN CARD के बदलेंगे नियम

अब तक पैन कार्ड बनवाने के लिए अब आधार पर्याप्त था, लेकिन 1 अप्रैल 2026 से यह सुविधा खत्म हो जाएगी। असल में नए नियमों के तहत पैन बनवाने या उसमें सुधार करने के लिए एक्स्ट्रा डाक्यूमेंट्स देना जरूरी होने वाला है। नए नियम से पैन प्रोसेस पहले से ज्यादा सख्त और सेफ हो जाएगा।  
 

8. रेलवे टिकट कैंसिल करना महंगा

भारतीय रेलवे ने 1 अप्रैल 2026 से टिकट कैंसिलेशन और रिफंड के नियमों में बड़े बदलाव करने का फैसला लिया है। अब टिकट कितने घंटे पहले कैंसिल करने पर कितना पैसा वापस मिलेगा, इसका नया सिस्टम लागू होगा। नए नियम लागू होने से आखिरी समय में टिकट कैंसिल करना यात्रियों के लिए महंगा पड़ सकता है। 
 

9. पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट  

1 अप्रैल 2026 से पूरे देश में पेट्रोल में 20% एथेनॉल (E20) मिलाना जरूरी हो जाएगा। असल में इससे पेट्रोल की क्वालिटी बेहतर होगी और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। असल में सरकार का टारगेट कच्चे तेल के आयात को घटाना और किसानों की इनकम बढ़ाना है। हालांकि इस बदलाव का असर कुछ पुरानी गाड़ियों पर पड़ सकता है और उनका माइलेज 3-7% तक कम हो सकता है।
 

10. डेबिड कार्ड पर नियम 

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ग्राहकों के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट है। बैंक ने 1 अप्रैल से चुनिंदा डेबिट कार्ड्स के लिए नकद निकासी (Cash Withdrawal) की सीमा को घटाने का फैसला किया है। 
पीएनबी का यह कदम डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने और सुरक्षा कारणों से उठाया गया माना जा रहा है। यदि आप भी पीएनबी के खाताधारक हैं, तो अपने कार्ड की नई लिमिट की जांच जरूर कर लें। बैंक के नए नियमों के मुताबिक, कुछ विशेष डेबिट कार्ड्स पर अब दैनिक निकासी की सीमा ₹50,000 से ₹75,000 के बीच तय कर दी गई है। जिन कार्ड्स पर पहले प्रतिदिन ₹1,00,000 तक निकालने की सुविधा मिलती थी, अब उन पर यह लिमिट कम कर दी जाएगी।   Edited by : Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी