Akhilesh Yadav attacks BJP: समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने मंगलवार को कहा कि यदि भाजपा ने 400 सीटों पर जीत दर्ज की होती तो सड़कों पर राइफलें और तलवार (rifles and swords) निकले होते और संविधान खत्म हो गया होता। लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अराजकता अपने चरम पर है। असामाजिक तत्व खुलेआम लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। क्या यही कानून और संविधान का राज है?
यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर किसानों की परेशानी, बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान भटका रही है। भाजपा न्याय सुनिश्चित नहीं करना चाहती। यह पार्टी पीडीए के लिए आरक्षण के खिलाफ है। भर्ती में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस और अध्यापक भर्ती में आरक्षण के साथ छेड़छाड़ की गई। अखिलेश ने कहा कि 69,000 अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया में पिछड़े और दलित अभ्यर्थियों को उनके अधिकार से वंचित किया गया और पुलिस भर्ती में भी सरकार ने एक समग्र सूची जारी नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण व्यवस्था को कमजोर कर रही है।(भाषा)