UP : कुशीनगर में मजदूरों से भरी नाव पलटी, 10 डूबे, 3 की मौत

बुधवार, 13 अप्रैल 2022 (18:55 IST)
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बुधवार को सुबह गंडक नदी में महिला मजदूरों से भरी एक नाव पलटने के कारण उसमें सवार नौ महिलाओं समेत 10 लोग डूब गए। इनमें से 7 को बचा लिया गया जबकि 3  अन्य की मौत हो गई।
 
पुलिस ने बताया कि इस घटना की सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिये तत्काल पुलिस टीम को रवाना किया गया। इस बीच मछुआरों ने सात लोगों को नदी से सुरक्षित निकाल लिया, जबकि तीन महिलाओं कोई पता नहीं चला।

बाद में पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ एक घंटे की कड़ी के मशक्कत के बाद तीनों महिलाओं के शव बरामद कर लिये। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाव पर सवार होकर महिला मजदूर नदी के उस पार गेहूं की कटाई करने जा रहीं थीं।
 
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी एस राजलिंगम, एसपी सचिन्द्र पटेल, विधायक विवेकानंद पाण्डेय ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। गांव के लोगों ने बताया कि मृतकों में दो महिलायें एक ही परिवार की सदस्य थीं। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिये हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी