ब्रजेश ने साधा निशाना, कहा- सपा सरकार के समय अपराधी 'मिनी सीएम' बन गए थे

शनिवार, 26 नवंबर 2022 (12:43 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि राज्य की पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार के समय प्रदेश के हर जिले में अपराधी 'मिनी सीएम' बन गए थे। पाठक ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार आते ही गुंडे, माफिया और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई जिसका परिणाम यह हुआ कि गुंडे, बदमाश या तो जेल के भीतर पहुंच गए या राज्य छोड़कर भाग गए।
 
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में कुसमरा व करहल में जनसभाओं को सम्बोधित किया। पाठक ने कहा कि सपा की सरकार के दौरान अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था और वे 'खाली प्लॉट हमारा है' जैसे नारे लगाते थे, वे हर जिले में 'मिनी सीएम' बन गए थे।
 
उन्होंने कहा कि मैनपुरी की जनता इस बार परिवारवाद पर नहीं बल्कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के विकास पर मुहर लगाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिला है और मैनपुरी में इस बार कमल खिलना तय है।
 
पाठक ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव से लेकर उनके सारे परिवार को नुक्कड़ सभाएं करनी पड़ रही हैं और अपने शासनकाल में जिनकी उपेक्षा की, उन्हीं से आज गली-गली वोट मांगने पड़ रहे हैं। इससे साफ है कि समाजवादी पार्टी की जमीन खिसक चुकी है। आज चाचा-भतीजा भले एक हुए हों, परंतु दोनों मिलकर भी सपा की हार को नहीं टाल सकते। मैनपुरी में उपचुनाव 5 दिसंबर को है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी