मेरठ पहुंचे डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले- UP में अब कानून का राज, दंगा करने वालों को दी सख्त चेतावनी

हिमा अग्रवाल

सोमवार, 13 जून 2022 (19:42 IST)
मेरठ। उत्तरप्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मेरठ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गरीब कल्याण सम्मेलन में शिरकत करते हुए पूर्व की सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में गरीबी को नहीं हटाया गया, बल्कि गरीब को हटाया गया है। मौका था मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने का और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों के यशोगान का।

ALSO READ: उत्तरप्रदेश में 62 माफियाओं को किया गया चिह्नित, जल्द ही चलेंगे बुलडोजर
 
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है। यूपी में भाजपा सरकार को शपथ लिए अभी कुछ ही समय हुआ है, लेकिन सूरज की तीव्र तपन भी भाजपा के सदस्यों और पदाधिकारियों का मनोबल कमजोर नहीं कर पा रहा है। 45 डिग्री तापमान होने के बाद भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आमजन के बीच पहुंच अपने वादे पूरे कर रहे हैं।

 
जनधन खाते कोरोना काल में वरदान साबित हुए : डिप्टी सीएम बोले कि मोदी-योगीजी की प्राथमिकता रही है कि विकासपरक योजनाओं का लाभ असली पात्रों तक पहुंचे। उनकी दूरदृष्टि को इसी से समझा जा सकता है कि उन्होंने बैंक में जनधन खाते खुलवाए, जो कोरोना महामारी के दौर में जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित हुए। कोरोना काल में आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों की सरकार ने इन खातों में पैसे डालकर आर्थिक मदद भी की है। जनधन खाते का सीधा लाभ खाताधारक को मिला है। मोदी सरकार ने देश के हर गरीब तबके का ख्याल रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं।
 
सपा को घेरा: समाजवादी पार्टी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में प्रदेश की हालत खराब थी। इस पार्टी का सिर्फ उद्देश्य था कि 'सपा का है यह नारा है, खाली प्लॉट हमारा है' और 'जिसका जितना ऊंचा झंडा है, उतना बड़ा गुंडा है'। उन्होंने कहा कि उस वक्त ऐसे ही नारे लगाए जाते थे। 
 
वहीं उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि किसी को भी प्रदेश में माहौल खराब करने की छूट नहीं है। यूपी में सुशासन के लिए कानून का राज है, जो प्रदेश की शांति भंग करेगा, दंगा करने की साजिश रचेगा या पत्थरबाज होगा, उनके घर बुलडोजर गरजेगा।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी