NCRTC ने शुरू की महिला के लिए महिला द्वारा विशेष ई-बाइक टैक्सी सेवा, महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा विकल्प

हिमा अग्रवाल

शुक्रवार, 6 जून 2025 (11:06 IST)
E Bike Taxi Service: विश्व पर्यावरण दिवस (World Environment Day,) पर एनसीआरटीसी (NCRTC) (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम) ने हरित और सतत भविष्य की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए विशेष ई-बाइक सेवा (e-bike service) शुरू की है। यह महिला यात्रियों के लिए महिला राइडरों द्वारा इलेक्ट्रिक बाइक से संचालित होगी। यह सेवा मेरठ साउथ स्थित नमो भारत स्टेशन पर होगी। इस पहल को यूटीयू मोबिलिटी के साथ साझेदारी में लॉन्च किया गया है और इसका उद्देश्य महिला यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और पर्यावरण के अनुकूल लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।ALSO READ: Honda CB650R : बिना क्लच दबाए बदलें गियर, ई-क्लच टेक्नोलॉजी के साथ लॉन्च हुई होंडा की सस्ती बाइक
 
मेरठ साउथ स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास स्थित पार्किंग जोन से शुरू की गई : मेरठ साउथ स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास स्थित पार्किंग जोन से शुरू की गई है, जो सभी परिचालित नमो भारत स्टेशनों में सबसे अधिक राइडरशिप वाला स्टेशन है। आरंभिक चरण में लगभग 10 इलेक्ट्रिक बाइक पीक ऑवर्स में सेवा में रहेंगी, जो स्टेशन से 5 किलोमीटर के दायरे में महिला यात्रियों को कम किराए पर लास्ट-माइल सुविधा देंगी। खास बात यह है कि इन बाइकों का संचालन प्रशिक्षित महिला ड्राइवरों द्वारा किया जाएगा और ये केवल महिला यात्रियों के लिए आरक्षित होंगी।
 
महिलाओं के लिए एक समर्पित, सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा विकल्प : एनसीआरटीसी की यह पहल महिलाओं के लिए एक समर्पित, सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा विकल्प सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्तमान परिवहन तंत्र में महिलाओं को लास्ट-माइल कनेक्टिविटी की असुविधा, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए एनसीआरटीसी ने यह कदम उठाया है, जो न केवल एक सशक्त सामाजिक संदेश देता है बल्कि जेंडर-संवेदनशील ट्रांजिट प्रणाली की ओर भी अग्रसर है।ALSO READ: Revolt RV BlazeX : सस्ती इलेक्ट्रिक बाइक फीचर्स से मचा देगी तूफान, जानिए क्या है कीमत
 
अन्य नमो भारत स्टेशनों और प्रमुख स्थानों तक विस्तारित करने की योजना : एनसीआरटीसी ने बताया कि यात्रियों की प्रतिक्रिया और सेवा के प्रदर्शन का आकलन करने के बाद इस योजना को अन्य नमो भारत स्टेशनों और प्रमुख स्थानों तक विस्तारित करने की योजना है। इसके माध्यम से महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित और हरित यात्रा विकल्पों की व्यापक पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी।
 
एनसीआरटीसी दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के सहयोग से वातानुकूलित इलेक्ट्रिक सिटी बसों को दिल्ली के नमो भारत स्टेशनों से जोड़ने की दिशा में भी कार्य कर रहा है। वर्तमान में ये बसें न्यू अशोक नगर और आनंद विहार से जुड़े 4 प्रमुख मार्गों पर संचालित हैं। गाजियाबाद के कई स्टेशनों पर ई-रिक्शा और रैपिडो जैसी सेवाएं भी उपलब्ध हैं जिससे यात्रियों को लास्ट-माइल कनेक्टिविटी में सहूलियत मिल रही है।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी