UP Board Examination Results : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया। करीब 50 लाख से अधिक परीक्षार्थियों का लंबा इंतजार इसके साथ ही खत्म हो गया। हाईस्कूल में लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.76 रहा, जबकि लड़कों का 87.30 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं इंटरमीडिएट में छात्राओं का पास प्रतिशत 86.32 और छात्रों का 75.04 प्रतिशत रहा।
बोर्ड मुख्यालय में शाम 4 बजे सभापति डॉ. महेंद्र देव और सचिव भगवती सिंह ने संयुक्त रूप से परिणाम जारी किया। इस वर्ष परिणाम पिछले साल की तुलना में दो दिन पहले घोषित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में रिजल्ट 25 अप्रैल को जारी हुआ था, जबकि इस बार रिकॉर्ड 20 दिनों में मूल्यांकन कार्य पूरा कर परिणाम घोषित कर दिया गया।
बोर्ड के अनुसार परीक्षा नकल-विहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई थी। परिणामों की बात करें तो हाईस्कूल में 90.42 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए, जबकि इंटरमीडिएट में 80.38 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण घोषित किए गए। 10th UP Board Result 2026: यूपी बोर्ड हाई स्कूल रिजल्ट लिंक upmsp.edu.in पर एक्टिव, 1 क्लिक में यहां चेक करें परिणाम
टॉपर्स की सूची में हाईस्कूल में कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। अदिति 97.50 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि अर्पिता, ऋषभ साहू और परी वर्मा ने 97.33 प्रतिशत अंक पाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट में शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। नंदिनी गुप्ता और श्रिया वर्मा 97.20 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि सुरभि यादव और पूजा पाल ने 97 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इस वर्ष के परिणामों में छात्राओं का दबदबा एक बार फिर स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।
Edited By : Chetan Gour