स्वतंत्रता दिवस पर हर कहीं जश्न और जय हिन्द के नारे होंगे। हो भी क्यों न...। यह आजादी आखिर हर देशवासी के लिए बेहद अजीज है। शहर के युवा भी आजादी के मायने समझ रहे हैं व भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का माद्दा रखते हैं।
FILE
हमने बात की कुछ युवाओं से और जाना आजाद भारत में मिली स्वतंत्रता का वे कैसे उपभोग कर रहे हैं व देश के लिए कैसे योगदान दे रहे हैं। इन युवाओं का कहना है कि हम भी हैं जोश में और हमारे सामने गलत बात करने वालों को अपने होश संभालने होंगे।
सपने को साकार करने की कोशिश
अनुराग गर्ग कहते हैं कि आजादी के साथ गांधीजी ने एक अखंड भारत का सपना देखा था। हम युवा इस सपने को साकार करने की कोशिश कर रहे हैं। बस, हमारा तरीका अलग है। बेहतर नौकरियां पाकर, बेहतर पैकेज पाकर, विदेशों में अपना लोहा मनवाकर, देश के आर्थिक विकास में सहयोग देकर प्रत्यक्ष न सही लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से हम देश की नींव को मजबूत करने में लगे हैं।
एकजुटता से आएगी बदलाव की बयार
FILE
राहुल शाह कहते हैं कि आज हमारे समक्ष भ्रष्टाचार अहम मुद्दा है व देश का हर नागरिक इसके विरोध में मुहिम से जुड़ रहा है। आज का युवा गलत के खिलाफ आवाज उठा रहा है, भ्रष्टाचार व आतंकवाद के मुद्दों पर अपनी राय रख रहा है, देशसेवा के लिए सेना में जाने का जज्बा रख रहा है। राजनीति में जाकर और अपने स्तर पर कार्य करके परिस्थितियों को बदलने का प्रयास कर रहा है। युवाओं की यह ताकत एकजुट हो जाए तो बदलाव की बयार आने में देर नहीं लगेगी।
युवा शक्ति है महाशक्ति
FILE
विशाल साहू कहते हैं कि हमारे देश की बड़ी आबादी युवाओं की है। आजादी के बाद बहुत हद तक हम आधुनिक भी हुए हैं और दुनियाभर में हमें अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के उचित अवसर भी मिल रहे हैं। नई पीढ़ी, नई सोच के जरिए बड़े बदलाव ला रही है। निःसंदेह देश को महाशक्ति बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और अपनी काबिलियत और मेहनत के बूते पर देश के युवा इस बात को साबित भी कर रहे हैं।
सिस्टम के खिलाफ विरोध
FILE
लक्ष्मी चौधरी कहती हैं कि अण्णा हजारे के जनलोकपाल मुहिम को ही लें। अब हमारे जैसे युवा भ्रष्टाचार और देश के विकास के मुद्दों पर गंभीरता से सोच रहे हैं और उनमें सक्रियता से भागीदारी भी दर्ज करवा रहे हैं।
नई विचारधारा लिए देश के युवा जब सिस्टम के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाएंगे तो निःसंदेह बदलाव जरूर आएगा। आजादी के इस पर्व पर हमारी लड़ाई कितनी हद तक भ्रष्ट लोगों को बाहर निकाल पाएगी, यह युवा पर ही ज्यादा निर्भर करता है। समाप्त