शिवपुरी में मगरों का मेला

गुरुवार, 2 दिसंबर 2010 (14:31 IST)
ठंड का जोर बढ़ने के साथ ही मध्यप्रदेश के शिवपुरी में स्थित माधव राष्ट्रीय उद्यान की झील से मगरमच्छों का बाहर निकलकर कई घंटों तक धूप सेंकने का नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाता है।

स्थानीय लोग इसे 'मगरों का मेला' कहते हैं। ठंड में इजाफा होने से उद्यान की सख्या सागर चांदपाठा झील के किनारे अनेक मगर पानी से निकलकर खुले में धूप लेने के लिए कई घंटों पड़े रहते हैं।

उद्यान के सूत्रों ने बताया कि अपने शरीर के तापमान को संतुलित करने के लिए मगरमच्छ पानी से निकलकर घंटों झील किनारे धूप में लेटे रहते हैं। शरीर का तापमान नियंत्रित करने का यह उनका अपना अंदाज है। यहाँ मगर पूरी स्वच्छंदता के साथ मिट्टी या चट्टानों पर आराम फरमाते हुए देखे जा सकते हैं।

सूत्रों का कहना है कि उद्यान आने वाले सैलानी निर्धारित शुल्क चुकाने के बाद प्रकृति के नैसर्गिक सौंदर्य का आनंद उठाने के साथ ही झील के चारों ओर पड़े हुए मगरों को भी देखना नहीं भूलते हैं। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें