कोल इंडिया ने प्रौद्योगिकी तथा प्रबंधन संस्थानों के मौजूदा प्लेसमेंट सत्र में 631 युवाओं की नियुक्ति की है। यह संख्या पिछले सत्र की तुलना में लगभग दोगुनी है।
कोल इंडिया के अध्यक्ष पार्था एस भट्टाचार्य ने बताया, 'इस साल हमने प्रमुख आईआईटी, आईआईएम संस्थानों से 631 लोग लिए हैं।' पिछले साल कंपनी ने 343 प्रबंधन प्रशिक्षु नियुक्त किए थे।
उन्होंने बताया कि इस तरह की नियुक्तियों में सालाना वेतन पैकेज लगभग छह लाख रुपए रहता है। कोल इंडिया के कर्मचारियों की वर्तमान संख्या 3. 97 लाख तक है।
इसमें 15 हजार की संख्या कार्यकारी अधिकारियों की है जबकि शेष खनन कार्यों से जुडे कर्मी हैं।
कंपनी ने इससे पहले कहा था कि सेवानिवृति के चलते वर्ष 2011 तक उसके कर्मचारियों की संख्या 3. 80 लाख तक रह जाएगी। (भाषा)