समुद्री डाकुओं से लड़ने का प्रशिक्षण

दुनिया भर के नाविकों में सबसे ज्यादा संख्या फिलिपीनी नाविकों की है। समुद्री डाकुओं के खतरे के कारण इन नाविकों को लड़ने की ट्रेनिंग दी जा रही है। कैसे दिया जाता है यह प्रशिक्षण और क्या नाविक खुश हैं। एक नजर...

अंतरराष्ट्रीय समुद्र में चालीस फीसदी से ज्यादा जहाजों और तेल टैंकरों के कर्मीदल फिलिपीनी मूल के हैं। इसका मतलब है कि करीब चार लाख फिलिपीनी नाविकों को ट्रेनिंग देने की जरूरत है। नाविक संघ, जहाज चलाने वाली कंपनियों और फिलिपीन्स की सरकार ने इस तरह की ट्रेनिंग देने का कार्यक्रम बनाया है जो जहाज पर नौकरी के लिए अनिवार्य हो गया है। नाविकों ने भी इसका स्वागत किया है और वे ट्रेनिंग को लेकर काफी उत्साहित हैं।

नाविक रेनाटो इलानो का मानना है कि समुद्री डाकुओं का सामना तो नाविकों के काम का एक अहम हिस्सा बन गया है। इलानो बताते हैं कि इस ट्रेनिंग से नाविकों को बहुत फायदा होगा। अगर आप कोई नए नाविक या ड्यूटी अफसर हैं तो आपको हर समय चौकन्ना रहना है। समुद्री डाकुओं के जल यान तेज होते हैं और एक बार आप उसे देख लें तो आपका सबसे पहला काम होना चाहिए करीबी पोर्ट प्राधिकरण को सूचित करना।

डाकुओं का डर नहीं : लंदन के अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन की सलाह पर ये ट्रेनिंग कराई जा रही है। फिलीपींस के नौपरिवहन संगठन के बुच लामुंग का कहना है कि एक नाविक के सामने सबसे बड़ा काम है समुद्री डाकुओं को जहाज पर चढ़ने से रोकना।

लामुंग जानकारी देते हैं कि जो जहाज जो अदन की खाड़ी के पार जाते हैं उन्हें अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के सुझावों को जरूर मानना चाहिए। उनके लिए सबसे जरूरी है हर समय चौकन्ना रहना। डाकुओं का सबसे ज्यादा खतरा तब बढ़ जाता है जब आपका जहाज धीमा चल रहा हो।


हालाँकि ज्यादातर फिलिपीनी नाविकों का कहना है कि वो समुद्री डाकुओं से नहीं डरते। उनका ये भी मानना है कि डाकुओं को रोकना उनके काम का हिस्सा है। नाविकों को इस जोखिम के मुआवजे के रूप में अच्छी तनख्वाह मिलती है। एक शिपिंग कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी बताते है कि ज्यादा खतरनाक जलमार्ग पर यात्रा करने वाले नाविकों को तो बोनस भी दिया जाता है। वरिष्ठ नाविकों को छ महीने के कांट्रैक्ट के अंतर्गत जहाँ सात से आठ हजार अमेरिकी डॉलर मिलते हैं वहीं छोटे ओहदे पर काम कर रहे कर्मीदल को नौ महीने के कांट्रैक्ट के लिए मिलते हैं कम से कम 800 अमेरिकी डॉलर।

लेकिन फिर भी अगर समुद्री डाकुओं को ख़त्म करना मुश्किल है तो जहाज पर सवार कर्मीदल को ही उनसे लड़ने के लिए लैस कर देना बेहतर उपाय होगा।

- डॉयचे वेले/तनुश्री सचदेव

वेबदुनिया पर पढ़ें