बिहार में लालू समीकरण फेल

रविवार, 17 मई 2009 (09:52 IST)
बिहार में चुनावी संभावनाओं को बल देने के लिए लालू-पासवान की ओर से बनाए गए चौथे मोर्चे का समीकरण जनता को नहीं भाया और उसने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राजग के उम्मीदवारों पर मोहर लगाई।

राजद अध्यक्ष लालूप्रसाद के लिए मिश्रित परिणाम का रहा। उन्हें नवसृजित सारण लोकसभा सीट से जहाँ जीत मिली वहीं पाटलिपुत्र से हार का मुँह देखना पड़ा। सारण में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी राजीव प्रताप रूड़ी को करीब 52 हजार 500 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की, वहीं पाटलिपुत्र में अपने पूर्व साथी और जदयू उम्मीदवार रंजन प्रसाद यादव से 23 हजार 541 मत से हार गए। लालू को जहाँ दो लाख 45 हजार 575 मत प्राप्त हुए, वहीं यादव ने दो लाख 69 हजार 298 हासिल किए।

लालू परिसीमन के पूर्व छपरा नाम से जानी जानी वाली सारण सीट का तीन बार वर्ष 1977-1989 और 2004 में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

चुनाव जीतने वाले अन्य केंद्रीय मंत्रियों में वैशाली संसदीय सीट से केंद्रीय मंत्री और राजद प्रत्याशी रघुवंश प्रसाद सिंह और सासाराम से कांग्रेस प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री मीरा कुमार शामिल हैं।

चुनाव हारने वाले प्रमुख केंद्रीय मंत्रियों में हाजीपुर लोकसभा सीट से निवर्तमान सांसद लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और जदयू प्रत्याशी रामसुंदर दास के हाथों 37 हजार 954 मतों से पराजित हो गए हैं। पासवान को 2 लाख आठ हजार 761 मत प्राप्त हुए जबकि दास को 2 लाख 46 हजार 715 मत मिले।

पासवान के अलावा चुनाव हारने वाले अन्य केंद्रीय मंत्रियों में मधुबनी संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार शकील अहमद दरभंगा से, मानव संसाधन राज्यमंत्री और राजद उम्मीदवार एमए फातमी काराकाट से, राजद प्रत्याशी कांतिसिंह और वाल्मीकिनगर से रघुनाथ झा शामिल हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें