राष्ट्रपति स्थिरता के पैमाने को देखेंगी-कांग्रेस

गुरुवार, 14 मई 2009 (15:37 IST)
लोकसभा चुनाव के एक्जिट पोल में दोनों प्रमुख दलों और गठबंधनों के बीच काँटे की टक्कर दिखाए जाने के बीच कांग्रेस ने गुरुवार को उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल संविधान का अनुसरण करते हुए अगली सरकार बनाने का किसी को न्योता देते समय स्थिरता के पैमाने का इस्तेमाल करेंगी।

कांग्रेस ने यह उम्मीद भी जताई कि तीसरे मोर्चे की सरकार की मुहिम चला रहे वामदल साम्प्रदायिक दलों के खिलाफ लड़ाई में सैद्धान्तिक रुख की अनदेखी नहीं करेंगे। पार्टी के महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा हम उम्मीद करते हैं कि वे स्थापित मानदंडों का अनुसरण करेंगी। वे संविधान के अनुरूप चलेंगी।

यह पूछे जाने पर कि क्या अकेले सबसे बड़े दल या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए, सिंह ने कहा अकेला सबसे बड़ा दल। यह राष्ट्रपति के विवेकाधिकार का मामला है। उनका क्या आकलन है। कौन स्थिर सरकार दे पाएगा। स्थिरता पैमाना होना चाहिए।

वेबदुनिया पर पढ़ें