बंगाल में फिर ममता की सरकार!

सोमवार, 16 मई 2016 (19:01 IST)
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में एक बार फिर दीदी यानी ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने जा रही है। 294 सदस्यीय विधानसभा में ममता एकतरफा बहुमत साबित करती दिखाई दे रही हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य में कांग्रेस और वामपंथी दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा था। 
सोमवार को जारी एग्जिट पोल के मुताबिक ममता बनर्जी को राज्य में स्पष्ट बहुमत हासिल होने जा रहा है। इंडिया टीवी-सी वोटर के मुताबिक बंगाल में ममता को 163 से 171 सीटें मिल सकती हैं, जबकि वामपंथी मोर्चा 71 से 91 सीटें हासिल कर दूसरे स्थान पर रह सकती है। कांग्रेस यहां 41 से 49 सीटें प्राप्त कर सकती है, जबकि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा यहां सिर्फ खाता खोल पाएगी यानी उसे 2 से 6 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 1 से 5 सीटें जा सकती हैं। 
 
आजतक एक्सिस के सर्वे के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस को 233 से 253 सीटें मिल सकती हैं, यानी दीदी की महाबहुमत के साथ सत्ता में वापसी। वाम गठबंधन को यहां 38 से 51 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा को 1 से 5 जबकि अन्य को 2 से 5 सीटें मिल सकती हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें