राशिफल : सा‍त दिन और आपके सितारे, जानें क्या कहते हैं...

* साप्ताहिक राशिफल (7 से 14 अगस्त 2017) 
 
मेष (21 मार्च से 20 अप्रैल) : ऊर्जान्वित बने रहेंगे। परिवार में अनावश्यक तनाव से बचना होगा। वाणी में मिठास घुली रहेगी। प्रॉपर्टी को लेकर निकट संबंधियों के बीच विचार होगा। प्रेमियों को फिलहाल बेचैन होने की आवश्यकता नहीं है। इस सप्ताह मिला-जुला असर रहेगा और स्वास्थ्य के संबंध में डॉक्टरी सलाह आवश्यक है। समय पर कार्य पूरा होने के लिए प्रोफेशन पर विशेष ध्यान देना होगा। आर्थिक स्थिति में सुधार संभव है। यात्रा जरूरी होगी। इस दौरान किसी से हुई विपरीत लिंग के व्यक्ति से नई जान-पहचान भविष्य के लिए फायदेमंद साबित होगी। 
 
अंक : 8।
रंग : पीला।
उपाय : बहती नदी के जल में एक मुट्ठी जौ प्रवाहित करें।
 
वृषभ (21 अप्रैल से 20 मई) : सावधानी से गुजरने वाले इस सप्ताह में आपको दूसरों से ज्यादा स्वयं पर ध्यान देना होगा। परिश्रम से ही अपनी बाधाओं को दूर कर सकते हैं। करीबी मित्रों की सलाह के बावजूद आपको प्रॉपर्टी से नुकसान हो सकता है। इस संबंध में सोच-समझकर सौदा करें। यात्रा में पैसे का नुकसान हो सकता है। विपरीत लिंग की वजह से दांपत्य में संदेह के बीज पनप सकते हैं। रोमांस में फीकापन आ सकता है। विवाद उभरने से बचा सके, तो यह आपके हित में होगा। प्रेमी युगल को भी सतर्क रहना चाहिए।
 
अंक : 3।
रंग : हरा।
उपाय : गाय को चारा खिलाएं।
 
मिथुन (21 मई से 21 जून) : इस सप्ताह आपकी सेहत अच्छी रहेगी और आप कार्यक्षेत्र में अतिरिक्त सक्रियता बनाए रखेंगे। इसमें आईं अड़चनों से निपटने के लिए यह जरूरी होगा। परिवार संग मिल-जुलकर आनंद उठाने का समय आ चुका है। सप्ताह के मध्य तक ही कारोबारी लाभ मिल सकता है। नौकरी में पदोन्नति के योग हैं, लेकिन साथ में स्थानांतरण भी हो सकता है। आर्थिक स्थिति में सहजता बनी रहेगी, लेकिन धनागमन की उम्मीद फिलहाल कम है। रोजमर्रा के कार्यों को निपटाना आपके हित में होगा। जीवनसाथी का भरपूर सहयोग आपको और प्रेम की मधुरता का संवेदनात्मक प्रवाह से भर देगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। कुछ जरूरी यात्राएं करनी पड़ेंगी। प्रॉपर्टी को लेकर चली आ रही उलझन दूर होगी। 
 
अंक : 17।
रंग : धातुई नीला।
उपाय : पक्षियों को दाना दें।
 
कर्क (22 जून से 23 जुलाई) : आय के साधनों को विकसित करने की मुहिम रंग लाएगी। सप्ताह के मध्य भाग में कार्यस्थल पर अतिरिक्त बोझ बढ़ सकता है। पूंजी निवेश में सतर्कता अपेक्षित रहेगी। सेहत खिली हुई व जोश से पूर्ण रहेगी। चर्म व नेत्र पीड़ाओं से जल्द ही छुटकारा मिलेगा। जीवनसाथी के मध्य छोटे-छोटे मतभेदों की आशंका है, सूझबूझ लाभकारी रहेगी। 
 
भाग्यशाली अंक 9।
भाग्यशाली रंग लाल।
उपाय : गाय को हरा चारा व भीगा हुआ बाजरा खिलाएं।
 
सिंह (24 जुलाई से 22 अगस्त) : रहन-सहन और आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए प्रयत्न करेंगे। सूझबूझ के साथ बदलाव की राह पर डटे रहना होगा और लंबित कार्य को समय पर पूरा करने से इस सप्ताह लाभ मिल सकता है। आमदनी में बढ़ोतरी की संभावना है। सप्ताह के मध्य तक आपका रुका हुआ पैसा मिल सकता है। परिवार में किसी नए सदस्य का आगमन हो सकता है। पुरानी बात को लेकर पारिवारिक माहौल में तनाव फैल सकता है। प्रॉपर्टी के सिलसिले में यात्रा हो सकती है। जीवनसाथी के साथ प्यारभरी नोक-झोंक आपके रोमांस को बढ़ा देगी।
 
भाग्यशाली अंक : 15।
भाग्यशाली रंग : स्लेटी रंग।
उपाय : गरीबों को वस्त्र का दान करें।
 
कन्या (23 अगस्त से 22 सितंबर) : जमीन-जायदाद को लेकर विवाद को नजरंदाज कर देना या फिर उसे निपटा लेने में ही भलाई है, वरना इसकी वजह से पारिवारिक कलह बढ़ सकती है। यह विवाद आपके दांपत्य जीवन को भी डंस सकता है। विपरीत लिंग से मित्रता जीवनसाथी के मन में संदेह के बीजारोपण का कारण बन सकता है। वैसे आपके प्रेम की मधुरता बनी रहेगी। इस सप्ताह को अपने परिश्रम से आप और ज्यादा लाभकारी बना सकते हैं। कुछ विकट परिस्थितियों से गुजरना पड़ सकता है। इनसे आपको सीख मिलेगी और आप सहज जीवन-यापन की ओर अग्रसर होंगे। परिवार में जिम्मेदारियां बढ़ेंगी, साथ ही में कार्यभार भी बढ़ सकता है। 
 
भाग्यशाली रंग अंक : 6।
भाग्यशाली रंग : क्रीम।
उपाय : गाय को चारा दें या फिर पक्षियों को दाना खिलाएं।
 
तुला (23 सितंबर से 23 अक्टूबर) : बहुत अच्छे, सुखद और संभावनाओं से भरे इस सप्ताह में आप अपनी इच्छाएं पूरी कर सकते हैं। किस्मत का साथ बना रहेगा और आपको परिश्रम के भरपूर नतीजे भी मिलेंगे। जिम्मेदारी चाहे जैसी भी हो, उसे सहजता से निभा लेंगे। आर्थिक स्थिति में मजबूती आने वाली है। व्यावसायिक सफलता हासिल होगी। प्रॉपर्टी की बिक्री से अच्छी आमदनी होने वाली है। यह कहें कि यह सप्ताह आपकी बचत को बढ़ा सकता है, साथ ही घर-परिवार में खुशियां ला सकता है। सप्ताहांत में परिवार समेत को मनोरंजन में बदल सकते हैं। रोमांस के लिए अच्छा समय गुजर रहा है। 
 
भाग्यशाली अंक : 18 और 6।
भाग्यशाली रंग : मेजेंटा और मोतिया रंग।
उपाय : सूर्योपासना और जल के अर्घ्य के साथ बहते पानी में एक मुट्ठी जौ प्रवाहित करें।
 
वृश्चिक (24 अक्टूबर से 21 नवंबर) : परिवार में खुशनुमा माहौल रहेगा। पारिवारिक उन्नति से मन प्रसन्न रहेगा। आर्थिक लाभ के साधन कुछ अंतराल के बाद समृद्ध होंगे किंतु प्रयासों को सुस्त न करें। पूंजी निवेश में लाभ के योग रहेंगे। सूचना व पत्रकारिता के क्षेत्रों में कोई गुप्त एवं महत्वपूर्ण सूचना हाथ लगेगी। यह समय शैक्षिक योग्यता को निखारने का है। यात्रा व निजी संबंधों में छोटी-छोटी चिंताएं बढ़ सकती हैं, थोड़ी सावधानी बनाए रखें। 
 
भाग्यशाली अंक : 2।
भाग्यशाली रंग : नीला।
उपाय : धर्मस्थलों में देशी घी व दाल का दान दें।
 
धनु (22 नवंबर से 21 दिसंबर) : जीवनसाथी संग हंसी-मजाक में समय बीतेगा। प्रॉपर्टी के लिए अच्छा समय है। इस सिलसिले में आप यात्रा पर जा सकते हैं। रुका हुआ पैसा मिलेगा। प्रेमी युगलों के लिए भी अच्छा समय आया है। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। योग और अध्यात्म में दिलचस्पी बढ़ेगी। आप न केवल संतुष्ट नजर आएंगे बल्कि आत्मविश्वास से भी भरे रहेंगे। आपकी कार्ययोजना सफल होगी। नया काम शुरू होगा और आमदनी का नया स्रोत भी बनेगा। रिश्तेदारों से मिलना-जुलना होगा। मित्रों की नौकरी के मामले में मिली सलाह महत्वपूर्ण साबित होगी। नए इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की खरीद संभव है।
 
भाग्यशाली अंक : 3।
भाग्यशाली रंग : बैंगनी।
उपाय : प्रातः स्नान के बाद सूर्य को अर्घ्य दें।
 
मकर (22 दिसंबर से 19 जनवरी) : प्रॉपर्टी के लिए अच्छा ऑफर मिलने वाला है। आपकी पसंद का सौदा तय हो सकता है या फिर इस सिलसिले में चला आ रहा कानूनी विवाद खत्म हो सकता है। उद्देश्यपूर्ण यात्रा संभव है। जीवनसाथी से भावनात्मक लगाव बढ़ेगा। प्रेमी युगलों के लिए वादे करने और निभाने का अच्छा अवसर मिल सकता है, बशर्ते वे प्रेम को संयोग न समझें। सेहत अच्छी रहेगी। आर्थिक मामलों में भी किसी तरह की बाधा नहीं आने वाली है और नौकरी में आपकी तरक्की चरम पर पहुंच सकती है। फिर भी आप सप्ताह के अंत में अधूरेपन को महसूस करेंगे।
 
भाग्यशाली अंक : 11।
भाग्यशाली रंग : हरा।
उपाय : पीपल में प्रत्येक मंगलवार को पानी डालें और सरसों तेल का दीपक जलाएं। 
 
कुंभ (20 जनवरी से 18 फरवरी) : इस सप्ताह को लेकर ऊहापोह और अनिश्चितता की चिंता से मुक्ति मिल जाएगी। कारोबार में तरक्की होगी लेकिन नया करने की योजना शुरू करने के लिए उपयुक्त समय नहीं आया है। यात्रा के योग बने हैं, जो नौकरी के लिए लाभकारी साबित होंगे। प्रॉपर्टी को लेकर घर-परिवार में जोर-शोर से चर्चा होगी। दूर के रिश्तेदारों का आगमन होगा। आकस्मिक लाभ के भी योग बने हुए हैं। मान-मर्यादा बढ़ेगी। दांपत्य में भी आनंद का अनुभव होगा और जीवनसाथी संग प्रेमभाव के साथ रोमांचक पल गुजार पाएंगे। 
 
भाग्यशाली अंक : 7।
भाग्यशाली रंग : चॉकलेटी।
उपाय : पीपल में जल डालें और शनिवार को दीप जलाएं।
 
मीन (19 फरवरी से 20 मार्च) : बहुत ही अच्छा सप्ताह है। यदि आपने अपने पारिवारिक मोर्चे पर आए आकस्मिक तनाव को झेल लिया तो सबकुछ आपके मन-मुताबिक होगा। इस सप्ताह आपको अपने प्रोफेशन में पहले की अपेक्षा ज्यादा सहजता का अनुभव होगा। भाग्योदय होने वाला है। हालांकि कार्यक्षेत्र में काम का दबाव बना रहेगा। आमदनी के मोर्चे पर समस्या नहीं आएगी। आय-व्यय का संतुलन बना रहेगा। पारिवारिक जरूरतें बनी रहेंगी। जीवनसाथी को उपहार भेंट कर सकते हैं। कारोबार में तरक्की संभव है। नौकरी में हैं तो वेतन बढ़ोतरी की सूचना भी मिल सकती है। प्रॉपर्टी के प्रति नहीं चाहते हुए भी आपका ध्यान जाएगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। आपकी दिलचस्पी योग में होगी।
 
भाग्यशाली अंक : 22।
भाग्यशाली रंग : नारंगी।
उपाय : सोमवार नदी में एक मुट्ठी के साथ नारियल प्रवाहित करें जौ प्रवाहित करें और जरूरतमंद की मदद करें।

ALSO READ: 21 अगस्त को शुक्र करेंगे राशि परिवर्तन, क्या होगा आप पर असर

ALSO READ: अगस्त 2017 के नक्षत्र योग और चन्द्रमा का राशि प्रवेश जानिए
 

वेबदुनिया पर पढ़ें