कुंभ-व्यक्तित्व
कुंभ राशि के जातक दिल के साफ होते हैं और अपने परिश्रम के बल पर हमेशा आगे बढ़ते रहते हैं। छल-कपट व द्वेष से दूर रहते हैं। ये कट्टरपंथी नहीं होते हैं। इनका स्वभाव बिजली जैसा तीव्र और भयप्रद होता है। ये प्रयोगशील तथा खोजी प्रकृति के होते हैं। अचानक कार्य करने वाले, फल की चिन्ता अधिक रखने वाले, सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने वाले, अपने विचारों पर दृढ़, परन्तु न्याय की बात सुनने वाले होते हैं। इस राशि वालों की अपनी अन्तरात्मा के विरूद्ध किसी का परामर्श ग्रहण नहीं करना चाहिए, इन्हें विश्वास हीनता के कारण पथ भ्रष्ट किया जा सकता है। इनके लिए आत्म-विश्वासी होना आवश्यक है। इस राशि के व्यक्ति बड़े संगठनों में रुचि रखते हैं। इन्हें वास्तविक कार्यों में रूचि होती है। ये प्रेमी, मित्र, संरक्षक तथा रोमांटिक व्यक्ति होते हैं। ये लोग किसी को लाभ कर उसका पुरस्कार भी पाना चाहते हैं। कुंभ राशि वाले नई से नई चुनौतियों की इच्छा करते हैं। आदर्श-प्रिय होने के कारण किसी बात को गुप्त नहीं रख पाते। इनकी सहानुभूति तीव्र होती है, परन्तु बहुधा ये उसके अनुसार कार्य करने में असमर्थ रहते हैं। कुंभ राशि के पुरूषों में अन्तर्ज्ञान अधिक होता है। ये अपने वचन के पक्के होते हैं तथा वचन भंग करने वालों से उनकी पटरी नही बैठ सकती है। कुंभ के कुछ व्यक्ति व्यसनाधीन होते हैं और इसी कारण इन्हें बाद में पश्चाताप भी करना पड़ता है। इसीलिए इन्हें किसी व्यसन पर पूर्ण नियंत्रण रखना चाहिए। इन्हें नमकीन चीजें प्रिय होती हैं। महत्वाकांक्षी होते हैं। ये लोग आकर्षक तथा सिद्धान्तवादी होना चाहते हैं। इन्हें असफलताओं से अधीर नहीं होना चाहिए। अपनी योग्यता पर विश्वास करना ही ठीक है। कुंभ राशि के लोग वर्तमान की उपेक्षा कर भविष्य के विषय में अत्याधिक डूबे रहते हैं। अपने सम्पर्क में आने वाले लोगों को कभी नहीं भूलते। इनमें अनेक दोष भी होते हैं। कानून तथा परम्पराओं को अपने ऊपर बन्धन नही बनने देते। कुंभ राशि वाले कर्म में लगे रहने पर भी यदि स्वयं को व्यस्त नहीं कर पाते, तो उनका व्यवहार निराशावादी हो जाता है। इन्हें सच्चे साथियों तथा सहायकों की आवश्यकता होती है। इन्हें धन पाने की इच्छा होती है, परन्तु उसे बचने का कष्ट सहन नहीं कर पाते। इन लोगों को अपनी गुप्त भावनाओं के व्यक्त हो जाने का भय भी आशंकित रखता है। ये बाहर से बुद्धिजीवी प्रतीत होते हैं, परन्तु भीतर से इनमें भावनात्मक उत्तेजना अधिक होती है। ये सबसे आगे रहना चाहते हैं। विनम्र, भावुक, बुद्धिमान, खुशामद पसन्द, परम्पराओं का अनुकरण न करने वाले तथा भौतिकवादिता से परे होते हैं। परम्पराओं का अनुकरण न करने पूर्णरूप से मौलिक होते हैं तथा समय की अनुभूति इनमें सर्वाधिक होती है। ये प्रकृति से शांत तथा सादगीपूर्ण होते हैं। इनके भाग्य में बहुत उतार-चढ़ाव आते हैं। स्वभावतः चालाक अथवा मिथ्यावादी नहीं होते। किसी के द्वारा हतोत्साहित किये जाने पर ये उससे शीघ्र प्रभावित हो जाते हैं। ये लोग तर्क द्वारा अपने प्रतिद्वन्द्वी को पराजित कर देते हैं। उत्तेजित भीड़ को नियन्त्रण में करने की इनमें आश्चर्यजनक क्षमता होती है। इस राशि के व्यक्ति जिह्वा के तीखे होते हैं, इसलिए राजनीतिक मामलों में आगे रहते हैं। इन व्यक्तियों के जीवन में कभी दुःख तो कभी सुख चला करते हैं। एक-सा जीवन कभी नहीं रहता है। अपनी बौद्धिक उन्नति काफी कर लेते हैं। कुंभ राशि वालों को दूसरों को भी अपना मत प्रकट करने का अवसर देना चाहिए। इन्हें ध्यान रखना चाहिए कि लोग इनके दोषों की उपेक्षा कर सकते हैं। इस राशि के लोग मौलिक, स्वतंत्र प्रगति के इच्छुक होते हैं, परन्तु उनके व्यक्तित्व का विकास धीरे-धीरे होता है। ये लोग मित्रता प्राप्त करने तथा लोगों को प्रभावित करने में सफल रहते हैं, परन्तु उन्हें इस सफलता का उत्तरदायित्व भी निभाना पड़ता है। कुंभ राशि के अधिकांश व्यक्ति अपनी प्रतिभा का उपयोग मानवीयता में ही करते हैं। कुंभ राशि वालों के भावी कदम का अनुमान लगाना कठिन होता है, क्योकि अपने निर्णयों को ये बड़ी सरलता से बदल देते हैं। अपने लिए भविष्य चिन्तन तथा कार्य प्रणाली स्थिर करने में कुंभ राशि वालों को प्रायः कष्ट सहन करना पड़ता है। यह जातक भविष्य की शिक्षण पद्धतियों में क्रान्तिकारी परिवर्तन ला सकते हैं। स्वतन्त्रता इनका एक मौलिक लक्षण है। ये लोग पीछे की ओर कम देखते हैं, क्योंकि इनकी दृष्टि आगे आने वाले भविष्य पर लगी रहती है।

राशि फलादेश