Maruti, Mahindra, Toyota, Hyundai में किसकी बिक्री ने फरवरी में तोड़ा रिकॉर्ड, पढ़िए पूरी खबर

बुधवार, 1 मार्च 2023 (21:50 IST)
नई दिल्ली। Feb auto sales news : फरवरी में कई वाहन कंपनियों की बिक्री में इजाफा हुआ है। मारुति की कुल बिक्री फरवरी में 5 प्रतिशत बढ़ी। महिंद्रा की वाहन बिक्री फरवरी में 8 प्रतिशत बढ़ी। पढ़िए पूरी खबर- 
 
मारुति की बिक्री बढ़ी : देश की प्रमुख वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की कुल थोक बिक्री फरवरी में पांच प्रतिशत बढ़कर 1,72,321 इकाई रही है। कंपनी ने फरवरी, 2022 में 1,64,056 वाहनों की बिक्री की थी।
 
मारुति सुजुकी ने बुधवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि फरवरी में घरेलू बाजार में उसकी थोक बिक्री 11 प्रतिशत बढ़कर 1,55,114 इकाई हो गई, जो पिछले साल इसी महीने में 1,40,035 इकाई रही थी।
 
हालांकि फरवरी, 2023 में कंपनी का निर्यात 28 प्रतिशत घटकर 17,207 वाहन रह गया जबकि एक साल पहले यह 24,021 इकाई था।
 
महिन्द्रा में 8 प्रतिशत की वृद्धि : घरेलू वाहन विनिर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) की फरवरी में थोक बिक्री सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़कर 58,801 इकाई पर पहुंच गई।
 
कंपनी ने बुधवार को फरवरी के बिक्री आंकड़े जारी करते हुए कहा कि एक साल पहले की समान अवधि में उसने 54,455 वाहन बेचे थे। कंपनी ने बयान में कहा कि घरेलू बाजार में उसने फरवरी में 30,358 यात्री वाहनों की आपूर्ति वितरकों को की जो एक साल पहले के 27,663 इकाई की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक है।
 
पिछले महीने में महिंद्रा ने 26,193 वाणिज्यिक वाहनों की भी थोक बिक्री की जबकि फरवरी, 2022 में उसने 23,978 वाहन बेचे थे।
 
हालांकि पिछले महीने में महिंद्रा का निर्यात 20 प्रतिशत गिरकर 2,250 वाहन रह गया जो एक साल पहले 2,814 वाहन था।
 
एमएंडएम के ऑटोमोटिव खंड के प्रमुख विजय नाकरा ने कहा कि कंपनी की बिक्री में एसयूवी खंड की हिस्सेदारी काफी अहम है और वह लगातार 30,000 एसयूवी की बिक्री कर रही है। हाल ही में पेश थार आरडब्ल्यूडी और एक्सयूवी400 को भी ग्राहकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।
 
टाटा मोटर्स की बिक्री 3 प्रतिशत बढ़ी : टाटा मोटर्स की कुल थोक बिक्री फरवरी में सालाना आधार पर तीन प्रतिशत बढ़कर 79,705 इकाई रही है। एक साल पहले समान महीने में कंपनी ने 77,733 वाहन बेचे थे।
 
कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि घरेलू बाजार में उसकी वाहन बिक्री छह प्रतिशत बढ़कर 78,006 इकाई हो गई। फरवरी, 2022 में घरेलू बाजार में कंपनी ने 73,875 वाहन बेचे थे।
 
कंपनी ने कहा कि समीक्षाधीन महीने में उसकी घरेलू बाजार में यात्री वाहन बिक्री (इलेक्ट्रिक वाहन सहित) 43,140 इकाई रही। एक साल पहले समान महीने में यह आंकडा 40,181 इकाई था।
 
हालांकि घरेलू बाजार में कंपनी की कुल वाणिज्यिक वाहन बिक्री तीन प्रतिशत घटकर 36,565 इकाई रह गई, जो एक साल पहले समान महीने में 37,552 इकाई रही थी।
 
हुंदै की बिक्री भी बढ़ी : हुंदै मोटर इंडिया की फरवरी में थोक बिक्री सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 57,851 इकाई हो गई।
 
कंपनी ने बुधवार को फरवरी, 2023 के बिक्री आंकड़े जारी करते हुए कहा कि एक साल पहले के समान महीने में उसने कुल 53,159 वाहनों की थोक बिक्री अपने वितरकों को की थी।
 
पिछले महीने में हुंदै ने 47,001 इकाइयों की घरेलू बाजार में थोक बिक्री की जो फरवरी, 2022 के 44,050 इकाइयों की तुलना में सात प्रतिशत अधिक है।
 
कंपनी ने एक बयान में कहा कि फरवरी, 2023 में उसने भारत से 10,850 वाहनों का निर्यात भी किया जो एक साल पहले के 9,109 वाहनों की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है।
 
हुंदै मोटर इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी तरुण गर्ग ने कहा कि बिक्री के ये आंकड़े विभिन्न खंडों में सकारात्मक रुझान को दर्शा रहे हैं।
 
टोयोटा किर्लोस्कर ने तोड़ा रिकॉर्ड : टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने बुधवार को कहा कि उसकी थोक बिक्री फरवरी 2023 में सालाना आधार पर 75 प्रतिशत बढ़कर 15,338 इकाई रही। कंपनी ने पिछले साल फरवरी में घरेलू बाजार में 8,745 इकाइयों की आपूर्ति की थी।
 
टीकेएम के उपाध्यक्ष (बिक्री और रणनीतिक विपणन) अतुल सूद ने एक बयान में कहा कि 'हम अपने उत्पाद पोर्टफोलियो में ग्राहकों की लगातार रुचि देख रहे हैं। इसके चलते फरवरी 2023 में बहुत अच्छी वृद्धि हुई है।'
 
उन्होंने कहा कि इस वृद्धि में अर्बन क्रूजर हाइराइडर और नयी इनोवा हाइक्रॉस का मुख्य रूप से योगदान है। भाषा Edited By : Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी