पीएम मोदी की अपील- अयोध्या आने का मन 22 जनवरी को न बनाएं

शनिवार, 30 दिसंबर 2023 (14:13 IST)
PM Modi in Ayodhya : प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने शनिवार को राज्य में 15,700 करोड़ रुपए से अधिक की केंद्र व राज्‍य सरकार की 46 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान शंखनाद की ध्वनि और 'राम राम-जय जय राजा राम' भजन से वातावरण गूंज उठा। पीएम मोदी के अयोध्या दौरे से जुड़ी हर जानकारी...


03:14 PM, 30th Dec
प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी भक्त 23 जनवरी के बाद ही अयोध्या आएं। जिनको निमंत्रण मिला 22 जनवरी को केवल वहीं अयोध्या आएं। अब अयोध्‍या अनंतकाल तक भक्त आएंगे। सभी लोग 22 जनवरी को घर में श्रीराम की ज्योत जलाएं।
उन्होंने अयोध्या वासियों से भी इसे भारत का सबसे स्वच्छ शहर बनाने की अपील की। 14 जनवरी से 21 जनवरी तक सभी तीर्थस्थलों पर स्वच्छता अभियान।
 

03:06 PM, 30th Dec
पीएम मोदी ने कहा, आज यहां 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।
इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े ये काम आधुनिक अयोध्या को देश के नक्शे पर फिर से गौरव के साथ स्थापित करेंगे। आने वाले समय में अवध क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के विकास को हमारी अयोध्या दिशा देने वाली है।
आज देश में सिर्फ केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ है, बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। आज देश में महाकाल महालोक का निर्माण ही नहीं हुआ है, बल्कि हर घर जल पहुंचाने के लिए पानी की 2 लाख से ज्यादा टंकियां भी बनवाई गई हैं।
एक समय था, जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं बल्कि पक्का घर देश के 4 करोड़ गरीबों को भी मिला है। आज का भारत अपने तीर्थों को भी संवार रहा है, वहीं डिजिटल टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी छाया हुआ है।
दुनिया में कोई भी देश हो, अगर उसे विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचना है, तो उसे अपनी विरासत को संभालना ही होगा। हमारी विरासत हमें प्रेरणा देती है, हमें सही मार्ग दिखाती है। इसलिए आज का भारत, पुरातन और नूतन दोनों को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ रहा है।

02:46 PM, 30th Dec
पीएम मोदी ने कहा, पिछले 9 वर्षों में भारत में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। राममय अयोध्या धाम में आज विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर गर्व की अनुभूति हो रही है।
 
उन्होंने कहा कि 22 जनवरी पुरी दुनिया के लिए ऐतिहासिक क्षण। अयोध्या की सड़कों पर उत्साह नजर आ रहा है। अयोध्या से विकसित भारत के अभियान को गति मिलेगी।

पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। ऐसे में अयोध्यावासियों में ये उत्साह और उमंग स्वाभाविक है। भारत की मिट्टी के कण-कण और भारत के जन-जन का मैं पुजारी हूं और मैं भी आपकी तरह उतना ही उत्सुक हूं।

02:13 PM, 30th Dec
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अयोध्‍या में नवनिर्मित महर्षि वाल्‍मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या धाम रखा गया है। महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की थी। उनके बहुत सारे अनुयायी हैं जिनमें विशेष रूप से दलित समुदाय के हैं।
 
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, अयोध्या के अत्याधुनिक हवाई अड्डे का पहला चरण 1,450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 6,500 वर्ग मीटर है, जो सालाना लगभग 10 लाख यात्रियों की सेवा करने के लिए तैयार रहेगा।

12:06 PM, 30th Dec
रोड शो के बाद पीएम मोदी ने किया अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का उद्घाटन। 6 वंदे भारत एक्सप्रेस और 2 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी।

11:27 AM, 30th Dec
अयोध्या के मार्गों पर संत समाज के साथ वैदिक ब्राह्मण वैदिक मंत्रोच्चार और पुष्प वर्षा, लोक संगीत पर थिरकते कलाकारों देश के प्रधानमंत्री की अगुवाई करते नजर आ रहे हैं।

11:19 AM, 30th Dec
अयोध्या में पीएम मोदी का भव्य रोड शो। एयरपोर्ट से रेलवे स्टेशन तक निकलेगा रोड शो। स्वागत के लिए सड़कों पर उमड़ी भीड़। 

10:57 AM, 30th Dec
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या पहुंचे, जहां हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत कई प्रमुख नेताओं ने उनका स्वागत किया।
 
मुख्‍यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर प्रधानमंत्री को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत करते हुए एक तस्वीर साझा की और एक पोस्ट में कहा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी का श्री अयोध्या धाम में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।'

09:36 AM, 30th Dec
PM मोदी के आगमन पर दुल्हन की तरह सजी अयोध्या, 500 क्विंटल फूलों से गुलजार हुई धर्मनगरी

08:52 AM, 30th Dec
क्या है पीएम मोदी का शेड्यूल
प्रधानमंत्री सुबह 10 बजे अयोध्या आएंगे। वे यहां रोड शो करेंगे।
10:30 बजे वे पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। नई अमृत भारत ट्रेनों और वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वे कई अन्य रेलवे परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
दोपहर 12:30 बजे वे नवनिर्मित अयोध्या एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।
दोपहर लगभग 1 बजे प्रधानमंत्री राज्य में 15,700 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

07:52 AM, 30th Dec
पीएम मोदी करीब पौने 11 बजे अयोध्‍या आएंगे। प्रधानमंत्री अयोध्या में एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। वे 6 नई वंदे भारत ट्रेन की भी शुरुआत करेंगे। अमृत भारत ट्रेन को भी दिखाई जाएगी हरी झंडी। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया है। चार प्रमुख पथों का भी लोकार्पण होगा।
 
प्रधानमंत्री के रोड शो के लिए अयोध्या को फूलों से सजाया गया। शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम। चप्पे चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात। इस विशेष अवसर पर वे जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा में करीब 2 लाख लोगों की भीड़ जुटेगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी