Ayodhya ram mandir news in hindi : अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र समारोह को भव्य रूप देने में जुटा है। 22 जनवरी को पूरा परिसर संगीतमय रहेगा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश की बांसुरी तथा ढोलक से लेकर तमिलनाडु के मृदंग जैसे देशभर के विभिन्न शास्त्रीय वाद्ययंत्र बजाये जाएंगे।
राय ने बताया कि यह समारोह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, RSS प्रमुख मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंदिर न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की गरिमामय उपस्थिति में होगा। यहां करीब आठ हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
न्यास के महासचिव ने बताया कि चयनित संगीतकार अपने-अपने क्षेत्रों के भारतीय परंपरा से जुड़े विभिन्न प्रकार के वाद्य यंत्र (संगीत वाद्ययंत्र) बजाएंगे। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से बांसुरी और ढोलक, कर्नाटक से वीणा, महाराष्ट्र से सुंदरी, पंजाब से अलगोजा, ओडिशा से मर्दला, मध्य प्रदेश से संतूर, मणिपुर से पुंग, असम से नगाड़ा और काली, छत्तीसगढ़ से तंबूरा, बिहार से पखावज, दिल्ली से शहनाई और राजस्थान से रावणहत्था बजाने वाले कलाकर शामिल होंगे।
पश्चिम बंगाल के श्रीखोल और सरोद, आंध्र प्रदेश से घटम, झारखंड से सितार, तमिलनाडु से नादस्वरम और मृदंग, और उत्तराखंड से हुड़का कलाकर भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। जब अनुष्ठानिक मंत्रोच्चार या कोई संबोधन नहीं हो रहा होगा तब ये कलाकर वाद्ययंत्र बजाएंगे।
राय ने बताया कि मेहमानों के लिए जलपान तथा दोपहर के भोजन की व्यवस्था की जाएगी और पेयजल, शौचालय तथा जूता रखने की जगह सहित अन्य की व्यवस्था की गई है। मंदिर न्यास की ओर से प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए 7 हजार से अधिक लोगों को आमंत्रित किया गया है।