आलोक प्रकाश पुतुल (रायपुर से)
छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले की पुलिस कबूतरों की तलाश कर रही है। शहर के हर मुहल्ले में कबूतर तलाशे जा रहे हैं। वो भी एक, दो नहीं, पूरे 120 कबूतर। पुलिस का कहना है कि वह 'विशेष रुचि' लेकर इन कबूतरों को तलाश रही है।
रथिंद्र नाथ मायती ने बीबीसी को बताया, "मंगलवार को मेरे तीन मंज़िला मकान के ऊपरी हिस्से में रखे गये 120 कबूतर चोरी हो गए। कबूतरबाज़ी की अलग-अलग प्रतियोगिताओं में इनमें से अधिकांश कबूतरों ने राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते हैं। कई-कई घंटे बिना थके ये कबूतर उड़ते हैं, करतब दिखाते हैं। आप समझिये कि मैं बर्बाद हो गया।"
'मेरे कबूतर लौट आएंगे'
दुर्ग कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कर के अब पुलिस इस चोरी की जांच कर रही है। पद्मनाभपुर पुलिस चौकी के प्रभारी प्रमोद श्रीवास्तव कहते हैं, "कबूतर कहां गये, यह तो जांच का विषय है। लेकिन मेरी समझ से छत्तीसगढ़ में अपनी तरह का संभवतः यह पहला मामला है। इस मामले में हम ख़ास रुचि लेकर कबूतर और आरोपियों की तलाश कर रहे हैं।"
मायती ख़ुद भी दुर्ग के अलावा पड़ोसी ज़िलों में अपने कबूतरों के बारे में पता करवा रहे हैं। उन्हें इस बात का भरोसा है कि उनके कबूतरों को बस एक बार मौका मिल जाए, वे जहां-कहीं भी होंगे मायती के पास लौट आएंगे।