पीएम मोदी ने कहा कि RJD बीते 2 दशक में कोई चुनाव नहीं जीती, लेकिन अपने अहंकार में अटकी हुई है। इसी अहंकार में इन्होंने JMM को झटक दिया। कांग्रेस 35 साल से बिहार में RJD की पिछलग्गू बनी हुई है, इस बार RJD ने उसको फिर पटक दिया। इन लोगों ने VIP को भी भटका दिया और लेफ्ट के जो दल हैं, उनको लटका दिया।
विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता : पीएम मोदी ने कहा कि NDA सरकार के लिए विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम जानते हैं कि जब औद्योगिकरण होगा, तो नौकरियां भी आएंगी। इसलिए हमने सबसे पहले बिहार को जंगलराज से मुक्त किया। जब बिहार में कानून का राज लौटा, तो उद्योगों के लिए भी माहौल बना। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद इसे और गति मिली। आज हमारा बेगूसराय न सिर्फ अपनी औद्योगिक पहचान वापस पा रहा है, बल्कि देश का एक बड़ा इंडस्ट्रियल हब बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है।
बेगुसराय को जंगलराज वालों ने किया बर्बाद : जंगलराज वालों ने सिर्फ अपने बेटे-बेटियों का भविष्य बनाया और बिहार के नौजवानों के भविष्य बर्बाद कर दिया। ये बात बेगूसराय का हर घर जानता है, हर कोई महसूस करता है। हमारे श्रीबाबू ने बेगूसराय को औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए काम किया था। उनके प्रयास से यहां अनेक प्रकार के उद्योग आए। एक समय था, जब ये क्षेत्र देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में से एक था। लेकिन फिर यहां जंगलराज आ गया। धौंस, धमकी और डर का वो काला दौर जिसने बिहार के उद्योगों पर ताले लगा दिए, फैक्ट्रियों को बंद कर दिया, निवेशक भाग गए। ये ताले फैक्ट्री पर नहीं आपके भविष्य पर लगे थे। जंगलराज ने सिर्फ कुछ फैक्ट्रियां बंद नहीं की, बल्कि बिहार के नौजवानों के भविष्य को अधर में लटका दिया था। बरौनी, बेगूसराय को एक सदी पीछे धकेल दिया।