रामायण-महाभारत के बाद दूरदर्शन पर जल्द प्रसारित होगा 'श्री कृष्णा'

शुक्रवार, 24 अप्रैल 2020 (12:06 IST)
Photo Credit- Twitter
लॉकडाउन में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए दूरदर्शन पर एक बार फिर से कई पुराने हिट शो प्रसारित किए जा रहे हैं। रामानंद सागर की रामायण और बीआर चोपड़ा की महाभारत को उस दौर में जो प्यार मिलता था, वहीं प्यार आज भी दर्शकों से उन्हें मिल रहा है। अब साल 1993 में टेलीकास्ट हुआ रामानंद सागर का एक और शो 'श्री कृष्णा' एक बार फिर दूरदर्शन पर लौटने वाला है।

 
लॉकडाउन के दौरान रामायण और महाभारत को मिल रही अपार सफलता के बाद चैनल ने फैसला किया है कि वे श्री कृष्णा शो का भी री-टेलीकास्ट करेंगे। इस शो को फिर से दिखाए जाने की फैंस काफी समय से डिमांड भी कर रहे थे। 
 
प्रसार भारती ने ट्वीट कर फैंस को खुशखबरी दी है। श्री कृष्णा का टीजर वीडियो शेयर कर कैप्शन में लिखा, 'जल्द आ रहा है श्री कृष्णा डीडी नेशनल पर।'
 
हालांकि अभी ये शो कब से टेलीकास्ट किया जाएगा इसकी जानकारी साझा नहीं की गई है। बता दें, श्री कृष्णा में सर्वदमन डी बनर्जी ने कृष्ण और विष्णु का रोल निभाया था। वहीं स्वपनिल जोशी ने युवा कृष्णा का रोल निभाया था। 
 
लॉकडाउन के बीच दूरदर्शन ने रामायण, महाभारत के अलावा शक्तिमान, श्रीमान श्रीमती, देख भाई देख, बुनियाद, सर्कस और उपनिषद गंगा जैसे मशहूर और लोकप्रिय सीरियलों का प्रसारण शुरू किया है। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी