रेमो डिसूजा के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस, डांस ग्रुप ने लगाया करोड़ों रुपए ठगने का आरोप

WD Entertainment Desk

शनिवार, 19 अक्टूबर 2024 (16:55 IST)
बॉलीवुड के फेमस कोरियोग्राफर और निर्देशक रेमो डिसूजा मुश्किलों में फंस गए हैं। रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा समेत 7 लोगों पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। उनपर महाराष्ट्र में एक डांस ग्रुप से 12 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। 
 
खबरों के अनुसार महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 26 वर्षीय डांसर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पीटीआई के मुताबिक एक अधिकारी ने बताया कि मीरा रोड पुलिस स्टेशन में 16 अक्टूबर को रेमो, लिजेल और पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 465 (जालसाजी), 420 (धोखाधड़ी) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
 
एफआईआर रिपोर्ट के मुताबिक शिकायतकर्ता और उनके ग्रुप को साल 2018 और जुलाई 2024 के बीच कथित रूप से धोखा दिया गया। उन्होंने कहा कि ग्रुप ने एक टेलीविजन शो में प्रदर्शन किया और जीत हासिल की और आरोपियों ने कथित तौर पर ऐसा दिखावा किया जैसे कि ग्रुप उनका है और 12 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि का दावा किया।
 
बता दें कि रेमो डिसूजा पर इससे पहले भी धोखाधड़ी का आरोप लग चुका है। रेमो डिसूजा कई डांस रियलिटी शोज को जज कर चुके हैं। इसके अलावा वह एबीसीडी 2 और स्ट्रीट डांसर 3डी जैसी फिल्मों का निर्देशन भी कर चुके हैं। उनके निर्देशन में बनी फिल्म 'बी हैप्पी' जल्द ही रिलीज होने वाली है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी