रफी के अपमान से नाराज हुए मो. अज़ीज... करण जौहर को कहा 'पागल'

जैसे-जैसे ये खबर फैलती जा रही है कि फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' के एक संवाद में कहा गया कि महान गायक मोहम्मद रफी गाते नहीं बल्कि रोते थे, रफी के प्रशंसकों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। 
 
मोहम्मद रफी को इस दुनिया से बिदा हुए 36 वर्ष हो गए हैं, लेकिन अभी भी वे अपनी आवाज़ के जरिये लोगों के दिलों में जिंदा है। कई लोग तो रफी की पूजा भी करते हैं। रफी के बेटे शाहिद रफी ने इस संवाद लिखने वाले को बेवकूफ करार दिया है। 
 
पार्श्व गायक मो. अज़ीज ने भी एक वीडियो जारी किया है जिसमें उन्होंने करण जौहर को जम कर लताड़ लगाते हुए 'पागल' तक कह दिया है। मो. अज़ीज का कहना है कि करण जैसे निर्देशक तो घास छील रहे हैं और उन्हें संगीत की बिलकुल समझ नहीं है। वे रफी साहब की महानता के बारे में क्या जाने। 
 
अज़ीज ने कहा है कि रफी साहब की तारीफ लता मंगेशकर, मन्ना डे, आशा भोसले, किशोर कुमार जैसे गायक किया करते थे। रफी साहब ने एक से एक बेहतरीन गीत गाए और किस गीत में रफी साहब रोते हुए सुनाई दिए। 
 
अज़ीज के अनुसार उन्होंने करण जौहर के पिता यश जौहर की फिल्म 'मुकद्दर का फैसला' में किशोर कुमार के साथ एक गाना भी गाया था। खुद यश जौहर भी रफी के प्रशंसक थे। 
 
करण जौहर को कान पकड़ कर माफी मांगने की सलाह भी अज़ीज ने दी है और कहा है कि जल्दी ही वे मीडिया के जरिये रफी के प्रशंसकों से माफी मांगे।

वेबदुनिया पर पढ़ें