'राम तेरी गंगा मैली' में सफेद साड़ी पहन सनसनी मचाने वालीं मंदाकिनी इन दिनों कर रहीं यह काम

WD Entertainment Desk

रविवार, 30 जुलाई 2023 (11:00 IST)
mandakini birthday: फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' में सफेद साड़ी में बोल्ड लुक्स देकर सनसनी मचा देने वाली एक्ट्रेस मंदाकिनी 30 जुलाई को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। उत्तर प्रदेश के मेरठ में जन्मीं मंदाकिनी का असली नाम यासमीन जोसेफ हैं।

 
सिनेमा जगत में एंट्री करने से पहले मंदाकिनी को तीन फिल्मों में रिजेक्ट किया गया था। इसके बाद रंजीत विर्क ने उन्हें फिल्म मजलूम में काम दिया और उनका स्क्रीन नेम जायमीन से बदलकर मंदाकिनी कर दिया। इससे पहले कि ये फिल्म रिलीज हो पाती, मंदाकिनी पर राज कपूर की नजर पड़ गई। उन्होंने फिल्म राम तेरी गंगा मैली के लिए मंदाकिनी को कास्ट कर लिया।
 
हालांकि इस फिल्म में राज कपूर ने पहले संजना कपूर को लॉन्च करने का प्लान किया था। बाद में ये मंदाकिनी के हाथ आया। फिल्म में झरने के नीचे सफेद पारदर्शी साड़ी पहन कर मंदाकिनी के भीगने वाला सीन बेहद पॉपुलर हुआ था। 22 साल की मंदाकिनी ने पर्दे पर बोल्ड सीन कर सबको हैरान कर दिया था।
 
मंदाकिनी ने साल 1987 में मिथुन चक्रवर्ती के साथ सुपरहिट फिल्‍म 'डांस डांस' में काम किया। इसके बाद वे माधुरी दीक्षित की फिल्‍म तेजाब (1988) में भी नजर आई, लेकिन वो सफलता हासिल नहीं कर पाई जो उन्‍हें पहली फिल्‍म से मिली थी। मंदाकिनी का करियर 1996 में आई फिल्म जोरदार के साथ खत्म हो गया। कहा ये भी गया था कि दाउद के चलते ही कई फिल्मों में मंदाकिनी को लिया गया था।
 
मंदाकिनी ने गाना भी शुरू किया। दो एलबम भी निकाले लेकिन चल नहीं पाईं। साल 1996 में मंदाकिनी ने फिल्‍मी दुनिया को अलविदा कह दिया, क्योंकि बॉक्स ऑफिस पर उनकी कोई फिल्म खास कमाल नहीं कर पाई थीं।

मंदाकिनी ने डॉ. काग्युर टी रिनपोचे ठाकुर से 1990 में शादी की। अब मंदाकिनी और उनके पति मुंबई में एक तिब्बतन हर्बल सेंटर चलाते हैं। इसके अलावा मंदाकिनी तिब्बत योगा भी सिखाती हैं। दोनों के दो बच्चे बेटा राबिल और बेटी राब्जे इनाया ठाकुर हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी