अपने हिट हीरो रणवीर सिंह का साथ छोड़ेंगे संजय लीला भंसाली!

रितिक रोशन को लेकर संजय लीला भंसाली ने गुजारिश नामक फिल्म बनाई थी जो असफल रही थी। सलमान खान ने कमेंट किया था कि इस फिल्म को देखने तो कुत्ता भी नहीं जा रहा है। यह बात सुन रितिक रोशन को भारी धक्का पहुंचा था। 
 
फिल्म की असफलता से तिलमिलाए भंसाली ने फिर रणवीर सिंह को लेकर 'गोलियों की रासलीला रामलीला' और 'बाजीराव मस्तानी' नामक सफल फिल्में बनाईं। इस समय उनकी फिल्म 'पद्मावती' की शूटिंग चल रही है और रणवीर सिंह इस फिल्म का हिस्सा हैं। अब जो खबरें आ रही हैं उनके अनुसार भंसाली अब रणवीर की बजाय रितिक रोशन को लेकर फिल्म बनाएंगे।
प्रसिद्ध लेखक अमीश त्रिपाठी की सुप्रसिद्ध किताब 'मेहुला के मृत्युंजय' की कहानी पर फिल्म बनाने की होड़ ज़ोरों पर है। खबर है कि करीब 2 वर्ष से करण जौहर ने इस किताब के सारे कॉपीराइट्स खरीद कर रखे थे। जिसके लिए उन्होंने स्टार कास्ट की लिस्ट बनाना भी शुरू कर दी थी। करण इसलिए भी बेताब थे क्योंकि ये फिल्म उनकी बाकी सभी मसाला फिल्म्स से बहुत अलग होती और ये इनके लिए बहुत बड़ा चैलेंज भी होता। पर सब ठन्डे बस्ते में चला गया। 
 
इसके बाद हॉलीवुड की ओर से भी इस किताब पर फिल्म बनाने की इच्छा जगजाहिर हुई थी। जिस पर बातें भी हुई थी कि कौन इस किताब को सही तरीके से परदे पर दर्शा पाएगा।  
 
अब ये बात सामने आई है कि इस किताब पर फिल्म बनाने के लिए कॉपीराइट्स अब फिल्मकार संजय लीला भंसाली ने खरीद लिए हैं और बहुत जल्द ही फिल्म का काम शुरू होने वाला है। भगवान शिव पर बनने वाली इस फिल्म के लिए संजय लीला भंसाली ने रितिक रोशन को शिवजी का किरदार निभाने के लिए चुना है। 
 
रितिक रोशन इससे बेहद खुश हैं। फिलहाल वो परिवार के साथ अमेरिका में है पर वापस आते ही फिल्म का काम शुरू होने वाला है। अब देखना ये होगा की इस अवॉर्ड विनिंग किताब को परदे पर संजय किस बेहतरीन तरीके से दर्शाते है। अभी तो बस लंबा इंतज़ार है।  

वेबदुनिया पर पढ़ें