आलिया भट्ट नहीं थीं 'गंगूबाई काठियावाड़ी' के लिए पहली पसंद, जानिए किसे कास्ट करना चाहते थे भंसाली!

गुरुवार, 25 फ़रवरी 2021 (14:01 IST)
संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ है। दमदार टीजर देखने के बाद फैंस इस फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में आलिया भट्ट मुख्य किरदार में नजर आने वाली हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म के लिए पहली पसंद आलिया भट्ट नहीं थीं।

 
खबरों के अनुसार कि संजय लीला भंसाली अपनी इस फिल्म में आलिया भट्ट को कास्ट नहीं करना चाहते थे। उन्होंने आलिया को अपनी फिल्म ‘इंशाअल्लाह’ में कास्ट किया था, जो कि सलमान खान के मना करने पर फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है।
गंगूबाई काठियावाड़ी में संजय लीला भंसाली, रानी मुखर्जी या फिर प्रियंका चोपड़ा में से किसी एक को लेना चाहते थे। भंसाली को लगता था कि गंगूबाई के किरदार को प्रियंका या रानी में से कोई भी बहुत अच्छी तरह से निभा सकती हैं। हालांकि, इन खबरों में कितनी सच्चाई है यह तो संजय लीला भंसाली ही जानते हैं।
 


इन खबरों पर प्रियंका चोपड़ा पहले ही विराम लगा चुकी हैं। एक इंटरव्यू में प्रियंका ने कहा था कि उन्होंने फिलहाल कोई भी हिन्दी फिल्म साइन नहीं की है और न ही किसी फिल्म को लेकर उनकी संजय लीला भंसाली से बात हुई है। उन्होंने साथ ही यह भी बताया था कि वह दो हॉलीवुड फिल्म कर रही हैं, जिनमें से एक की शूटिंग वह कर चुकी हैं।
गंगूबाई काठियावाड़ी का टीजर सामने आने के बाद आलिया भट्ट की काफी प्रशंसा हो रही है। वह गंगूबाई के किरदार में एकदम फिट बैठती हैं। आलिया ने फिल्म में डायलॉग उसी प्रकार की भाषा में बोले हैं, जैसे कि गैर हिन्दीभाषी क्षेत्र से आई महिला बोलती है।
गंगूबाई गुजरात से ताल्लुक रखती थीं, लेकिन उन्होंने मुंबई में आकर जो अपनी धाक जमाई वह दिल को छूती है। एक लड़की जिसे जबरन मुंबई के कमाठीपुरा के रेड लाइट एरिया में बेच दिया गया था, वह कैसे मुंबई की लेडी डॉन बन गई, आलिया भट्ट की फिल्म उसी कहानी को दर्शाती है।
गंगूबाई काठियावाड़ी को संजय लीला भंसाली और जयंतीलाल गडा ने प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया है। फिल्म 30 जुलाई को रिलीज हो रही है। आलिया के अलावा फिल्म में पार्थ समथान, अजय देवगन भी नजर आएंगे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी